नई टिहरी: टिहरी जनपद के घनसाली थाना क्षेत्र के चमोल गांव से नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने 14 वर्षीय किशोरी की तहरीर पर आरोपी चाचा के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
FIR दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
घनसाली थानाध्यक्ष अजय कुमार जाटव ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(1) तथा पॉक्सो (POCSO) एक्ट की धारा 3/4 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
क्या है आरोप
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने बयान में बताया कि वह शाम के समय टॉर्च चार्ज करने के लिए अपने चाचा के घर गई थी। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद किशोरी ने साहस दिखाते हुए चौकी लाटा चिमियाला पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
मेडिकल जांच और आगे की कार्रवाई
शिकायत मिलते ही पुलिस ने पीड़िता को प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय बेलेश्वर अस्पताल भेजा। इसके बाद विस्तृत मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल नई टिहरी रेफर किया गया।
मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश जारी हुए।
पुलिस जांच जारी
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है और सभी साक्ष्यों को एकत्र किया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।