देहरादून। श्री झंडा जी मेला 2026 की नगर परिक्रमा के आयोजन को देखते हुए देहरादून पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है। नगर परिक्रमा के दौरान कई प्रमुख मार्गों पर यातायात को डायवर्ट किया जाएगा, ताकि शोभायात्रा के दौरान व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
नगर परिक्रमा का रूट
नगर परिक्रमा दरबार साहिब परिसर से प्रारंभ होकर सहारनपुर चौक, कांवली रोड, एसजीआरआर बिंदाल, तिलक रोड, बिंदाल कट, घंटाघर, पल्टन बाजार, लक्खीबाग, सहारनपुर चौक, बॉम्बे बाग, समाधि स्थल होते हुए पुनः सहारनपुर चौक से दरबार साहिब पहुंचेगी।
डायवर्जन व्यवस्था
नगर परिक्रमा के सहारनपुर चौक पहुंचने पर कांवली रोड से सहारनपुर चौक की ओर कोई भी यातायात नहीं आने दिया जाएगा। पटेलनगर मंडी से आने वाले ट्रैफिक को कमला पैलेस की ओर भेजा जाएगा, जबकि बल्लीवाला से आने वाले वाहनों को बल्लूपुर और जीएमएस रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। लक्ष्मण चौक की ओर से आने वाले वाहनों को पार्क रोड की ओर भेजा जाएगा।
नगर परिक्रमा के तिलक रोड पहुंचने पर बिंदाल चौक से तिलक रोड की ओर यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। वहीं बिंदाल चौक से घंटाघर तक सड़क को दो भागों में बांटकर एक भाग में शोभायात्रा और दूसरे भाग में यातायात का संचालन किया जाएगा।
नगर परिक्रमा के घंटाघर पहुंचने पर दर्शनलाल चौक से घंटाघर की ओर आने वाले ट्रैफिक को लैन्सडाउन चौक की ओर और ओरियंट चौक से आने वाले ट्रैफिक को कनक चौक की ओर भेजा जाएगा।
पल्टन बाजार पहुंचने पर सभी डायवर्जन प्वाइंटों पर यातायात को सामान्य कर दिया जाएगा। इसके अलावा सहारनपुर चौक से कांवली रोड और झंडा साहिब की ओर किसी भी प्रकार के वाहन को नहीं भेजा जाएगा।
नगर परिक्रमा के दौरान गऊघाट कट को आवश्यकता अनुसार खोला जाएगा और रेलवे गेट से सहारनपुर रोड की ओर आने वाले वाहनों को नियंत्रित तरीके से निकाला जाएगा। वहीं प्रिंस चौक से आने वाले ट्रैफिक को गऊघाट कट के माध्यम से भंडारी बाग की ओर भेजा जाएगा।
बैरियर और डायवर्जन प्वाइंट
नगर परिक्रमा के दौरान पटेलनगर मंडी, बल्लीवाला चौक, दर्शनलाल चौक, ओरियंट चौक, बल्लूपुर चौक और बिंदाल कट पर बैरियर लगाकर यातायात को नियंत्रित किया जाएगा।
पुलिस की अपील
देहरादून पुलिस ने श्रद्धालुओं और आम जनता से अपील की है कि नगर परिक्रमा के दौरान इन मार्गों का प्रयोग न करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।