Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u948756791/domains/thejagsamachar.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

खटीमा में फौजी की बुजुर्ग मां की सिर कुचलकर हत्या, कॉल रिसीव न होने पर खुला मामला

खटीमा/ऊधमसिंह नगर: उत्तराखंड के खटीमा नगर से एक खौफनाक घटना सामने आई है। देवभूमि कॉलोनी में बुधवार रात एक फौजी की 65 वर्षीय मां की सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। महिला के सिर पर गंभीर चोट और गले पर कट का निशान मिला है।

अकेली रहती थीं महिला

मृतका की पहचान जानकी पत्नी स्वर्गीय हरीश चंद के रूप में हुई है। उनका बेटा सूरज बंगाल इंजीनियर कोर में नायक के पद पर जालंधर में तैनात है। उनकी दो बेटियां पूनम और सुमन का विवाह हो चुका है।

फोन कॉल से खुला मामला

पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम पूनम ने अपनी मां को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद उसने अपने भाई सूरज को जानकारी दी। सूरज ने भी कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

संदेह होने पर सूरज ने परिचितों को घर भेजा। परिचितों ने घर पहुंचकर आवाज लगाई, लेकिन कोई बाहर नहीं आया। इसके बाद उन्होंने सूरज को वीडियो कॉल की और घर का ताला तोड़ दिया। अंदर जानकी जमीन पर पड़ी मिलीं, उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही रात करीब 12 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार को पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए, लेकिन अभी तक कोई ठोस सबूत नहीं मिला है।

ऊधमसिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *