Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u948756791/domains/thejagsamachar.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

मालदेवता में तेज रफ्तार डंपर का कहर, 17 वर्षीय छात्र की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम

देहरादून: राजधानी के मालदेवता क्षेत्र के शेरकी गांव में रविवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

पैदल जा रहे छात्र को डंपर ने कुचला

जानकारी के अनुसार, शेरकी गांव निवासी शिवांशु रविवार शाम करीब 8:45 बजे अपने घर के पास पैदल जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने उसे टक्कर मार दी और कुचलते हुए आगे निकल गया। गंभीर चोटों के चलते छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर सहित फरार हो गया।

अवैध खनन से जुड़े वाहनों पर आरोप

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हुए और शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन से जुड़े डंपर तेज रफ्तार से दौड़ते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती।

स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात तक भारी वाहनों की आवाजाही से बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा खतरे में रहती है। इससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन हालात में सुधार नहीं हुआ।

पुलिस की कार्रवाई

सूचना पर रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद देर रात जाम खुल सका।

पुलिस ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

रीना राठौर, सीओ रायपुर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित चालक को हिरासत में लेकर डंपर को सीज कर दिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

खड़े हुए गंभीर सवाल

यह हादसा एक बार फिर रिहायशी इलाकों में भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही पर सवाल खड़ा करता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध खनन और तेज रफ्तार भारी वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *