हरिद्वार | हरिद्वार के प्रमुख तीर्थ स्थल हरकी पैड़ी पर धार्मिक मर्यादा को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। हरकी पैड़ी क्षेत्र में जगह-जगह ऐसे बोर्ड लगाए गए हैं, जिनमें साफ तौर पर लिखा गया है कि अहिंदुओं का प्रवेश पूरी तरह निषेध है। इसके साथ ही हरकी पैड़ी और मालवीय द्वीप क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।
फिल्मी गानों पर रील बनाना भी वर्जित
श्रीगंगा सभा की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि हरकी पैड़ी और आसपास के घाटों पर फिल्मी गानों पर वीडियो या रील बनाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यदि कोई व्यक्ति इस तरह की सामग्री बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वायरल वीडियो के बाद बढ़ी सख्ती
दरअसल, कुछ दिन पहले हरकी पैड़ी क्षेत्र में बनाया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में दो युवक अरबी वेशभूषा में घाटों पर घूमते नजर आए, जिन्होंने खुद को दुबई का निवासी बताया था। वीडियो सामने आने के बाद तीर्थ पुरोहितों ने नाराजगी जताई और इसे हरिद्वार की धार्मिक मर्यादा के खिलाफ बताया।
तीर्थ पुरोहितों का कहना है कि इस तरह के वीडियो से धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं और इससे शहर का माहौल बिगड़ सकता है।
श्रीगंगा सभा ने पुलिस को दी सूचना
श्रीगंगा सभा के महामंत्री तन्मय वशिष्ठ ने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी पुलिस प्रशासन को दे दी गई है। उनका कहना है कि माहौल बिगाड़ने के उद्देश्य से इस तरह की गतिविधियां की जा रही हैं।
वहीं, श्रीगंगा सभा के सचिव उज्जवल पंडित ने कहा कि पूरे मामले की सूचना चौकी पुलिस को भी दी गई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
शहर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि वायरल वीडियो के मामले में जांच शुरू कर दी गई है। वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मर्यादा बनाए रखने पर जोर
उल्लेखनीय है कि इन दिनों श्रीगंगा सभा की ओर से हरिद्वार के घाटों और प्रमुख धार्मिक स्थलों की व्यवस्था, अनुशासन और मर्यादा को बनाए रखने को लेकर लगातार मंथन किया जा रहा है। सभा का कहना है कि हरकी पैड़ी जैसे पवित्र स्थल की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।