देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के सरकारी कार्यालयों और कार्यस्थलों पर अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री आवास में सीएम धामी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने 21 फरवरी को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई घटना समेत हाल के समय में विभिन्न स्थानों पर सरकारी कार्मिकों के साथ हुई घटनाओं का उल्लेख करते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
मुख्य सचिव को एसओपी तैयार करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कर्मचारी नेताओं की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि सरकार कार्मिकों के मान-सम्मान और सुरक्षा को लेकर प्रतिबद्ध है। उन्होंने मुख्य सचिव को फोन पर निर्देश देते हुए अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा के लिए विस्तृत एसओपी तैयार करने को कहा।
डीजीपी और एसएसपी को भी निर्देश
सीएम धामी ने पुलिस महानिदेशक (DGP) को सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और इस प्रकार की घटनाओं पर त्वरित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही एसएसपी देहरादून को शिक्षा निदेशालय में हुई घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में सरकारी कार्य में बाधा या कार्मिकों के साथ अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।