हरिद्वार: उत्तराखंड सरकार ने मंगलवार को चार शहरों के खेल स्टेडियम के नाम बदल दिए हैं, जिसमें से एक हरिद्वार स्टेडियम के नाम बदलने पर परिजनों ने सरकार को भूख हड़ताल करने की चेतावनी दे दी, उन्होंने कहा कि उनकी बेटी ने देश के लिए कई मेडल जीते हैं और आज वहीं सरकार उससे वो सम्मान वापस ले रही है।
उत्तराखंड खेल विभाग ने मंगलवार को चार शहरों के खेल स्टेडियम के नाम बदल दिए हैं ।जिसमें देहरादून के रायपुर के स्टेडियम राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज और कई खेल सुविधाओं का नाम बदल कर रजत जयंती परिसर रखा गया है। हल्द्वानी के स्टेडियम के नाम बदल कर मानसखंड खेल परिसर रखा गया है, रुद्रपुर के स्टेडियम का नाम बदल कर शिवालिक खेल परिसर नाम दिया गया है।
ठीक इसी तरह हरिद्वार के रोशनाबाद के वंदना कटारिया हॉकी स्टेडियम का भी नाम बदला गया और योगस्थली खेल परिसर नाम रखा गया है।

अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी रह चुकी है वंदना कटारिया
‘वंदना कटारिया हॉकी स्टेडियम’ अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया के नाम पर सरकार की तरफ से सम्मान की तरह रखा गया था। वंदना कटारिया एक दलित समाज से आती है जिन्होंने हॉकी के खेल में खूब नाम कमाया और कई मेडल देश के लिए जीते हैं।

सरकार के स्टेडियम के नाम बदलने पर वंदना कटारिया के परिजनों ने आपत्ति जताई है और भूख हड़ताल करने की चेतावनी भी दे डाली है। उन्होंने कहा कि वह इस विषय में ग्रह मंत्री अमित शाह से बात करेंगे, उनकी बेटी ने देश के लिए इतने मेडल लाए हैं,जिसके लिए सरकार ने उसके सम्मान में इस स्टेडियम का नाम वंदना कटारिया के ऊपर रखा था, आज वहीं सम्मान सरकार वापस ले रही है.