Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u948756791/domains/thejagsamachar.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

गैरसैंण में आज से उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र, सीएम धामी पेश करेंगे बजट

गैरसैंण। उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में शुरू हो रहा है। सत्र के पहले दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सदन में राज्य का बजट प्रस्तुत करेंगे। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर करीब तीन बजे बजट पेश करेंगे।

चूंकि प्रदेश में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं, इसलिए इस बार के बजट में चुनावी असर दिखने की पूरी संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि धामी सरकार जनता को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कर सकती है।

रविवार शाम विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी की अध्यक्षता में हुई कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में बजट सत्र के एजेंडे पर चर्चा की गई। बैठक के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल सत्र के लिए दो दिन का एजेंडा तय किया गया है। मंगलवार को एक और बैठक आयोजित कर आगे की कार्यवाही का कार्यक्रम तय किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि बजट सत्र की शुरुआत राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) के अभिभाषण से होगी। इसके बाद भोजनावकाश के बाद विधानसभा अध्यक्ष राज्यपाल के अभिभाषण का पाठ करेंगी और उसके बाद मुख्यमंत्री सदन में बजट प्रस्तुत करेंगे।

मंगलवार को प्रश्नकाल और शून्यकाल के बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी और धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा। इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने रविवार को गैरसैंण पहुंचकर विधानसभा मंडप और सचिवालय परिसर का निरीक्षण भी किया।

कांग्रेस का बहिष्कार जारी

कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में संसदीय कार्यमंत्री सुबोध उनियाल, विधायक खजानदास, उमेश शर्मा काऊ और बसपा विधायक मोहम्मद शहजाद मौजूद रहे। वहीं कांग्रेस ने समिति की बैठक का बहिष्कार बजट सत्र में भी जारी रखा।

गैरसैंण में दूसरी बार पेश होगा चुनावी बजट

राज्य के इतिहास में यह दूसरी बार होगा जब गैरसैंण में चुनावी बजट पेश किया जाएगा। इससे पहले वर्ष 2021 में तत्कालीन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपनी सरकार का अंतिम बजट गैरसैंण विधानसभा में पेश किया था। अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी अपनी सरकार का अंतिम बजट सत्र गैरसैंण में प्रस्तुत करने जा रहे हैं।

भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पेश होने वाले बजट का आकार एक लाख 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान है। वित्त विभाग के सूत्रों के अनुसार बजट को अंतिम रूप दिया जा चुका है। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए इस बजट से जनता को काफी उम्मीदें हैं और सरकार इसमें कई बड़े ऐलान कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *