Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u948756791/domains/thejagsamachar.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

शिक्षा निदेशक से मारपीट के विरोध में संयुक्त मोर्चा का गठन, 25 फरवरी तक गिरफ्तारी का अल्टीमेटम

देहरादून: बेसिक शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल से हुई मारपीट के विरोध में शिक्षकों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों ने संयुक्त मोर्चा बना लिया है। रविवार को शिक्षा निदेशालय में करीब छह घंटे चली बैठक के बाद मोर्चा ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 25 फरवरी तक का अल्टीमेटम दिया है।

53 संगठनों ने बनाई रणनीति

बैठक में 53 मान्यता प्राप्त कर्मचारी, अधिकारी और शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। सभी ने शनिवार की घटना को शर्मनाक बताते हुए कहा कि यह हमला केवल शिक्षा निदेशक पर नहीं बल्कि पूरे सरकारी तंत्र पर हमला है। इससे कर्मचारियों में असुरक्षा की भावना उत्पन्न हुई है।

नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी गई

संयुक्त मोर्चा की कमान राजकीय शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष राम सिंह चौहान को सौंपी गई है। मिनिस्ट्रियल फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश बहुगुणा को महामंत्री और संजय भाष्कर को मीडिया प्रभारी बनाया गया है। आंदोलन की रणनीति के लिए 31 सदस्यीय कोर कमेटी का भी गठन किया गया है।

सोमवार से कार्य बहिष्कार

बैठक में निर्णय लिया गया कि शिक्षा विभाग में बोर्ड परीक्षा ड्यूटी को छोड़कर अन्य सभी अधिकारी और कर्मचारी सोमवार से कार्य बहिष्कार शुरू करेंगे। कर्मचारी सुबह कार्यालय में हाजिरी दर्ज कराने के बाद शिक्षा निदेशालय में धरने में शामिल होंगे।

बोर्ड परीक्षा रहेगी प्रभावित नहीं

छात्र हित को ध्यान में रखते हुए फिलहाल बोर्ड परीक्षा को आंदोलन से अलग रखा गया है। परीक्षा ड्यूटी में लगे शिक्षक एक सप्ताह तक आंदोलन में शामिल नहीं होंगे। हालांकि तय समय सीमा तक गिरफ्तारी नहीं होने पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

सुरक्षा के लिए एसओपी की मांग

संयुक्त मोर्चा मुख्य सचिव आनंदबर्द्धन से मुलाकात कर सरकारी दफ्तरों में अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा के लिए तत्काल एसओपी जारी करने की मांग करेगा। साथ ही सभी विभागों में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई जाएगी।

मोर्चा ने स्पष्ट किया है कि यदि 25 फरवरी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो ग्राम पंचायत से लेकर सचिवालय तक के कर्मचारी व्यापक स्तर पर कार्य बहिष्कार शुरू करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *