देहरादून। धराली आपदा पर भाजपा नेता कर्नल अजय कोठियाल के हालिया बयान के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कर्नल कोठियाल पर सीधा निशाना साधा है।
धस्माना ने कहा कि कांग्रेस, कर्नल कोठियाल द्वारा केदारनाथ में किए गए कार्यों का सम्मान करती है, लेकिन धराली को लेकर उनका बयान कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक सेमिनार के दौरान कर्नल कोठियाल ने पहले कहा कि धराली में 147 लोग दबे हुए हैं, लेकिन जब भाजपा उनके बयान से असहज हुई तो उनसे एक “स्क्रिप्टेड बयान” दिलवा दिया गया।
कांग्रेस नेता ने पूछा कि यदि कर्नल कोठियाल के पास 147 मृतकों का आंकड़ा है तो यह जानकारी उन्हें कहाँ से मिली? उन्होंने कहा कि अब सवाल कर्नल की विश्वसनीयता पर उठने लगे हैं और जनता को भी इस पर जवाब चाहिए।
धस्माना ने याद दिलाया कि कांग्रेस पहले से ही धराली आपदा को लेकर सरकार से लगातार सवाल कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को बताना चाहिए कि इस आपदा में मारे गए लोगों और प्रभावित परिवारों के लिए क्या ठोस कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आपदा पर राजनीतिक बयानबाज़ी कर रही है, जबकि पीड़ितों की समस्याएँ अभी भी जस की तस बनी हुई हैं।