उत्तराखंड : चारधाम यात्रा-2026 को सरल, सुगम, व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए देहरादून जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जिलाधिकारी सविन बंसल ने गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने कहा कि चारधाम यात्रा केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं के प्रति सेवा और आतिथ्य का अवसर है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि धनाभाव के कारण किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। किसी भी विभाग को अतिरिक्त बजट की आवश्यकता होने पर तत्काल प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा गया है।
15 अप्रैल तक सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश
डीएम ने सभी विभागों को 15 अप्रैल तक यात्रा से संबंधित समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यात्रा व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी के लिए नोडल एवं सेक्टर अधिकारियों की तैनाती भी की जाएगी।
50 पंजीकरण काउंटर, 24 घंटे सुविधा
यात्रियों की सुविधा के लिए ऋषिकेश में 30 पंजीकरण काउंटर, विकासनगर में 20 पंजीकरण काउंटर,24 घंटे रजिस्ट्रेशन सुविधा, मोबाइल पंजीकरण टीमें भी तैनात रहेंगी।
ऑफलाइन पंजीकरण की व्यवस्था, क्यू मैनेजमेंट, शेड और बैठने की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
होल्डिंग एरिया में आधुनिक सुविधाएं
ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप, आईडीपीएल, कटापत्थर, हरबर्टपुर और नया गांव सहित विभिन्न होल्डिंग एरिया में जर्मन हैंगर स्थापित किए जाएंगे। यहां मेडिकल चेकअप, भोजन, पेयजल, शौचालय और स्वच्छता की व्यापक व्यवस्था होगी।
होटल, धर्मशाला और आश्रमों के संपर्क नंबर, हेल्पलाइन और कंट्रोल रूम नंबर सार्वजनिक किए जाएंगे। प्रमुख स्थानों पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सूचनाएं प्रसारित की जाएंगी।
स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष फोकस
विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती , पैरामेडिकल स्टाफ उपलब्ध, एंबुलेंस और टेस्टिंग किट की व्यवस्था ओर हेल्थ एडवाइजरी भी जारी की जाएगी।
परिवहन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
वाहनों की फिटनेस अनिवार्य होगी , ग्रीन कार्ड जारी किए जाएंगे, शटल सेवा संचालित होगी ओर पुलिस, होमगार्ड, पीआरडी और वालंटियर भी तैनात रहेंगे ।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को सड़क सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और डिवाइडर सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं। जल संस्थान और विद्युत विभाग को पेयजल और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है।
प्रशासन की प्रतिबद्धता
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुखद यात्रा अनुभव प्रदान करना है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, एसपी जया बलूनी, एडीएम केके मिश्रा, एसडीएम कुमकुम जोशी, विनोद कुमार, योगेश मेहरा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी बृजेन्द्र पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।