Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u948756791/domains/thejagsamachar.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

पैसे के विवाद में दोस्त बने हत्यारे; रॉड, हथौड़े और पेंचकस से वार कर दिगंबर की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

देहरादून: बसंत विहार निवासी 28 वर्षीय दिगंबर धीमान की हत्या कर शव चिड़ियापुर के जंगलों में फेंकने के मामले में नेहरू कॉलोनी पुलिस ने तीन फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को शनिवार को आईएसबीटी के पास हरिद्वार बाईपास रोड से दबोचा गया।

पुलिस के अनुसार दिगंबर ने अपने दोस्तों से ढाई लाख रुपये उधार लिए थे। पैसे वापस न करने को लेकर उनके बीच विवाद चल रहा था।

रेसकोर्स स्थित कमरे में की हत्या

9 फरवरी को आरोपियों ने दिगंबर को बहाने से रेसकोर्स स्थित सी-ब्लॉक में हेमंत सेमवाल के घर बुलाया। वहां तीनों ने साथ बैठकर नशा किया और दिगंबर से पैसे लौटाने की मांग की। जब उसने आनाकानी की तो आरोपियों ने लोहे की रॉड, हथौड़े और पेंचकस से उस पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

शव जंगल में फेंका, हथियार नदी में डाले

हत्या के बाद आरोपियों ने अपने परिचित टैक्सी चालक को 15 हजार रुपये देने का लालच देकर बुलाया और शव को कंबल में लपेटकर गाड़ी की डिग्गी में डालकर हरिद्वार की ओर ले गए। नेपाली फार्म के पास पुल से नीचे हत्या में प्रयुक्त हथियार फेंक दिए और चिड़ियापुर के जंगल में शव को नहर किनारे रेत में दबा दिया।

ऐसे खुला राज

11 फरवरी को दिगंबर के पिता संतराम धीमान ने बसंत विहार थाने में बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को संदिग्ध टैक्सी की जानकारी मिली। 17 फरवरी को टैक्सी चालक से सख्ती से पूछताछ में पूरी वारदात का खुलासा हुआ। पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाकर जंगल से शव बरामद किया और चालक को गिरफ्तार कर लिया।

मामला बाद में नेहरू कॉलोनी थाने स्थानांतरित किया गया।

तीनों मुख्य आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने हेमंत कुमार (37), आदिल (38) और वैभव भट्ट उर्फ संजू (25) को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त स्टील रॉड, लोहे का हथौड़ा और मृतक के जूते बरामद किए गए।

पहले से दर्ज हैं संगीन मुकदमे

पुलिस के अनुसार हेमंत और आदिल के खिलाफ पूर्व में भी संगीन धाराओं और एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। वैभव के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज है।

पुलिस कप्तान प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *