देहरादून: उत्तराखंड के देहरादून जिले में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सेलाकुई के रेतिवाला गांव के पास सारना नदी में एक मानव कंकाल मिला। बताया जा रहा है कि तेज बरसात के कारण यह कंकाल भदराज क्षेत्र से बहकर यहां पहुंचा।
स्थानीय निवासी राजेश मल्ल ने सबसे पहले कंकाल को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही थानाध्यक्ष सेलाकुई पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने कंकाल के चारों ओर से फोटो और वीडियोग्राफी की और फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य इकट्ठा किए।

पुलिस के मुताबिक, यह कंकाल काफी पुराना है और सिर्फ हड्डियों का ढांचा बचा है, जिससे मौके पर पहचान नहीं हो सकी। नियम के मुताबिक, डीएनए सैंपल सुरक्षित रख लिया गया है ताकि आगे पहचान की जा सके। पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद मामले की आगे जांच जारी है।

पुलिस का मानना है कि भारी बारिश और नदी के तेज बहाव के कारण यह कंकाल दूर से बहकर आया हो सकता है। अब यह पता लगाना बाकी है कि यह किसका कंकाल है और यहां कैसे पहुंचा।