उधम सिंह नगर। जसपुर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक आदेश चौहान ने सोमवार को सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर क्षेत्र की विकास संबंधी समस्याओं को लेकर महामहिम राज्यपाल के नाम पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन उपजिलाधिकारी जसपुर को सौंपा।
विधायक ने रखीं ये 5 बड़ी मांगें
ज्ञापन सौंपने के बाद विधायक आदेश चौहान ने बताया कि प्रदेश को बने 25 वर्ष पूरे हो चुके हैं और वे स्वयं 8 वर्षों से विधायक हैं, लेकिन जसपुर की कई मूलभूत समस्याएं अब भी जस की तस हैं। उन्होंने मांग की कि आगामी स्थापना दिवस के मौके पर इन मुद्दों को प्राथमिकता दी जाए।
मुख्य मांगे इस प्रकार हैं—
1. रोडवेज बस स्टैंड का निर्माण – जसपुर में बस स्टैंड न होने से यात्रियों को धूप, बारिश और ठंड में सड़कों पर खड़ा होना पड़ता है। इससे बुजुर्गों, बच्चों और बीमार यात्रियों को खासी दिक्कत होती है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
2. पॉलिटेक्निक कॉलेज की स्थापना – जसपुर में पॉलिटेक्निक कॉलेज न होने से विद्यार्थियों को बाहर पढ़ाई के लिए जाना पड़ता है।
3. तीर्थ नगर डैम एरिया को राजस्व ग्राम घोषित करना – राजस्व ग्राम न होने से यहां के लोगों को केंद्र सरकार से मिलने वाली कई मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
4. पेयजल संकट का समाधान – गर्मियों में जसपुर में पेयजल की गंभीर समस्या खड़ी हो जाती है। नई आबादी बढ़ने से स्थिति और बिगड़ती जा रही है।
5. जसपुर स्टेडियम का निर्माण – कांग्रेस सरकार के समय स्वीकृत हुआ स्टेडियम वर्तमान सरकार ने निरस्त कर दिया। विधायक ने मांग की कि इसे बहाल कर बनाया जाए ताकि युवाओं को तैयारी और खेल अभ्यास के लिए उचित जगह मिल सके।
विधायक आदेश चौहान ने कहा”ये पांचों मांगे जसपुर की मूलभूत समस्याओं से जुड़ी हैं। मैंने शुरू से ही इन मुद्दों को उठाया है और आज भी चाहता हूं कि राज्यपाल सरकार को निर्देशित करें ताकि इन पर जल्द कार्यवाही हो।”