सरकारी राशन के नमक में रेत! ग्रामीणों का वीडियो वायरल, CM धामी ने दिए जांच के आदेश

देहरादून: उत्तराखंड के टिहरी ज़िले से सरकारी राशन के नमक में मिलावट का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ग्रामीणों द्वारा बनाया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि नमक में रेत जैसे कण मौजूद हैं। इस घटना ने आम जनता के बीच नाराज़गी और चिंता दोनों बढ़ा दी है।

ग्रामीणों ने किया खुलासा

 

टिहरी गढ़वाल के चंबा क्षेत्र में रहने वाले राजेंद्र नेगी और आरती बिष्ट ने सरकारी राशन की दुकान से मिले नमक का एक टेस्ट किया जिसमें उन्होंने नमक को पानी में घोला जिसके तुरंत बाद ही,जैसे ही नमक पानी में घुला, उसमें रेत के कण साफ दिखाई देने लगे। ग्रामीणों ने यह वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।

 

मुख्यमंत्री ने दिए सख्त निर्देश

 

वीडियो सामने आने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट कहा है कि नमक के नमूने तुरंत लैब भेजे जाएं और यदि इसमें गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित सप्लायर और दुकानदार पर सख्त कार्रवाई की जाए।

 

प्रशासन की सफाई

 

इस मामले पर टिहरी जिला खाद्य पूर्ति अधिकारी, मनोज कुमार डोभाल ने कहा कि मुख्यमंत्री नमक पोषण योजना के तहत जो नमक बांटा जा रहा है, वह मानक के अनुसार फोर्टिफाइड प्रक्रिया से पैक किया जाता है। हालांकि वायरल वीडियो की जांच के लिए नमूने ले लिए गए हैं और उन्हें परीक्षण के लिए भेजा जाएगा।

 

लोगों में गुस्सा

 

ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी राशन में मिलावट लोगों की सेहत से खिलवाड़ है। उनका आरोप है कि अगर समय पर इस तरह की जांच न हो तो गरीब और ग्रामीण जनता गंभीर बीमारियों का शिकार हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *