देहरादून में अमित शाह के कार्यक्रम पर कांग्रेस का तंज, धस्माना बोले- भीड़ तक नहीं जुटा पाई भाजपा

देहरादून। राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जनसभा को कांग्रेस ने फ्लॉप करार दिया है। कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि तमाम प्रयासों के बावजूद पार्टी जनसभा में सम्मानजनक भीड़ नहीं जुटा सकी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता पिछले दस वर्षों से भाजपा के शासन से परेशान है और अब बदलाव चाहती है।

 

सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि त्योहार के दिन व्यापारी मंदी के दौर में अपना कारोबार बढ़ाने की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन भाजपा के कार्यक्रम के कारण उनका पूरे दिन का काम प्रभावित हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने जनसभा को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी, इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। धस्माना के मुताबिक, जनसभा में दिखाई दी स्थिति प्रदेश में भाजपा के प्रति जनता की नाराजगी को दर्शाती है।

 

अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भी घेरा

 

कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष ने अमित शाह के कार्यक्रम में अपेक्षित भीड़ नहीं जुटने के पीछे अंकिता भंडारी हत्याकांड को भी एक कारण बताया। उन्होंने कहा कि अंकिता के माता-पिता आज भी संपूर्ण न्याय की मांग कर रहे हैं। धस्माना ने आरोप लगाया कि इस मामले में सामने आए कथित वीआईपी को बचाने के लिए कानूनी संरक्षण दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा के जुमलों से छुटकारा चाहती है।

 

अमित शाह के उत्तराखंड में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनने के दावे पर कटाक्ष करते हुए धस्माना ने कहा कि भाजपा को हैट्रिक लगाने के बजाय आने वाले कई वर्षों तक उत्तराखंड से विदाई की तैयारी करनी चाहिए।

 

एसआईआर और वोटों में कथित धांधली पर उठाए सवाल

 

कांग्रेस ने एसआईआर को लेकर भी भाजपा पर हमला बोला। धस्माना ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देशभर में मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठाया है, लेकिन चुनाव आयोग इन आरोपों का जवाब नहीं दे पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब इस मामले में चुनाव आयोग से सवाल किए जा रहे हैं तो जवाब भाजपा को देना पड़ रहा है।

 

धस्माना ने दावा किया कि चुनाव आयोग को आगे कर कथित तौर पर वोटों में धांधली की जा रही है। कांग्रेस का आरोप है कि देशभर में करीब 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं को मतदान के अधिकार से वंचित कर दिया गया है। गौरतलब है कि अमित शाह ने भी अपने संबोधन में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *