पांच लाख की रंगदारी मांगने के आरोप में तथाकथित पत्रकार गिरफ्तार, कारोबारी से वसूले 50 हजार रुपये

देहरादून: पटेलनगर क्षेत्र में न्यूज प्लेटफॉर्म पर झूठी खबर प्रसारित कर बदनाम करने की धमकी देकर प्रॉपर्टी कारोबारी से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में पुलिस ने अनुज अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी ने कारोबारी से 50 हजार रुपये अपने बैंक खाते में जमा करा लिए थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, डायरी में मोबाइल फोन छिपाने के लिए एक गुप्त चैंबर बनाया गया था।

 

पुलिस के मुताबिक, आजाद कॉलोनी माजरा निवासी तनवीर खान ने 19 अक्टूबर को कोतवाली पटेलनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि चांचक क्षेत्र की एक प्रॉपर्टी को लेकर उसका कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। इसी बीच एक व्यक्ति ने व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए उससे संपर्क किया। खुद को न्यूज प्लेटफॉर्म का संचालक बताते हुए आरोपी ने प्रॉपर्टी से संबंधित खबरें प्रसारित कर उसे बदनाम करने की धमकी दी और ऐसा न करने के एवज में पांच लाख रुपये की मांग की।

 

शिकायत के अनुसार, धमकी से घबराकर पीड़ित ने आरोपी की ओर से बताए गए एक्सिस बैंक खाते में 50 हजार रुपये जमा करा दिए। यह खाता अनुज अग्रवाल के नाम पर बताया गया है। रकम देने के बाद भी आरोपी ने कथित तौर पर शेष राशि की मांग की और गाली-गलौज करते हुए पीड़ित को धमकाया।

 

आईएसबीटी के पास से हुई गिरफ्तारी

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने शिकायत के साथ मिले चैट स्क्रीनशॉट और भुगतान संबंधी साक्ष्यों की जांच की। इसके बाद पीड़ित से संपर्क करने वाले व्यक्ति की पहचान अनुज अग्रवाल के रूप में हुई। पुलिस ने 19 अक्टूबर की रात पटेलनगर क्षेत्र में आईएसबीटी के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

 

पुलिस के अनुसार, आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर का निवासी है और वर्तमान में क्लेमेंटटाउन क्षेत्र के द्वारिकापुरी में रह रहा था। उसकी उम्र 46 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने उसके कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद की है।

 

डायरी में मिला कथित गुप्त चैंबर

 

पुलिस का दावा है कि बरामद डायरी में मोबाइल फोन छिपाने के लिए एक गुप्त चैंबर बनाया गया था। आरोप है कि इस व्यवस्था के जरिए आरोपी लोगों के वीडियो गोपनीय रूप से रिकॉर्ड करता था। पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन से भी कई व्यक्तियों के कथित तौर पर गुप्त तरीके से बनाए गए वीडियो मिले हैं। इन वीडियो की जांच की जा रही है।

 

कई राज्यों में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी

 

पुलिस के मुताबिक, अनुज अग्रवाल पटेलनगर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ पहले भी धोखाधड़ी, मारपीट और अमानत में खयानत सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।

 

पुलिस ने बताया कि उत्तराखंड के अलावा मध्य प्रदेश में चार, पंजाब में एक, ओडिशा में एक और गुजरात में एक अन्य मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है। संबंधित राज्यों से इन मामलों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

 

इस मामले में कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा संख्या 773/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 308(2), 308(4), 351(3) और 352 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की विवेचना करने के साथ बरामद डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *