ई-केवाईसी के इंतजार में हजारों गैस उपभोक्ता, कनेक्शन किए गए ब्लॉक

हल्द्वानी: नैनीताल जिले में घरेलू गैस कनेक्शनों की ई-केवाईसी नहीं कराने वाले 25,878 उपभोक्ताओं के कनेक्शन ब्लॉक कर दिए गए हैं। अब इन उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही गैस सिलिंडर मिल सकेगा। इनमें इंडेन गैस के 19,878 और भारत गैस के करीब छह हजार उपभोक्ता शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, जिले में इंडेन गैस के करीब 1,98,788 घरेलू उपभोक्ता हैं। इनमें से 19,878 उपभोक्ताओं ने अब तक ई-केवाईसी नहीं कराई है। वहीं, भारत गैस के करीब 40 हजार घरेलू उपभोक्ताओं में से छह हजार की ई-केवाईसी लंबित है। प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण इन उपभोक्ताओं के कनेक्शन ब्लॉक कर दिए गए हैं।

यह व्यवस्था 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलिंडर के उपभोक्ताओं पर लागू है। गैस कनेक्शन से आधार कार्ड लिंक होने पर उपभोक्ता सिलिंडर की होम डिलीवरी करने वाले वाहन चालक के माध्यम से भी ई-केवाईसी करा सकते हैं। वहीं, जिन उपभोक्ताओं का आधार कार्ड गैस कनेक्शन से लिंक नहीं है, उन्हें संबंधित गैस एजेंसी में जाकर समस्या का समाधान कराना होगा।

केएमवीएन के गैस प्रबंधक रवि मेहरा ने बताया कि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलिंडर के उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी कराने के बाद ही सिलिंडर दिए जाएंगे। उन्होंने उपभोक्ताओं से समय पर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।

वहीं, भारत गैस एजेंसी के अनुसार, करीब छह हजार घरेलू कनेक्शनधारकों ने अब तक ई-केवाईसी नहीं कराई है। इन उपभोक्ताओं को प्रक्रिया पूरी होने तक गैस सिलिंडर नहीं दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *