नजीबाबाद मार्ग पर नया टोल प्लाजा शुरू, रोडवेज बसों का किराया 5 रुपये बढ़ा, यात्रियों में नाराजगी

हरिद्वार। नजीबाबाद मार्ग पर भागूवाला के आगे यूपी सीमा में नया टोल प्लाजा शुरू होने से उत्तराखंड रोडवेज की बसों का किराया बढ़ गया है। काशीपुर, रामनगर, हल्द्वानी समेत कई रूटों पर प्रति यात्री 5 रुपये अधिक किराया वसूला जा रहा है। किराए में बढ़ोतरी से यात्रियों में नाराजगी है।

तीसरा टोल बना, खर्च यात्रियों पर

इससे पहले रामनगर और काशीपुर जाने वाले रास्ते पर दो टोल प्लाजा पड़ते थे। अब भागूवाला में तीसरा टोल बनने से रोडवेज का टोल खर्च बढ़ गया है, जिसका भार सीधे यात्रियों पर डाल दिया गया है।

यात्रियों ने जताया विरोध

यात्रियों का कहना है कि कभी डीजल के दाम के नाम पर तो कभी टोल के नाम पर किराया बढ़ा दिया जाता है, जबकि सड़कों की हालत जस की तस है।

काशीपुर निवासी राजेंद्र जोशी ने कहा कि बार-बार किराया बढ़ने से आम आदमी का बजट बिगड़ रहा है। हल्द्वानी निवासी हरजीत सिंह ने कहा कि एक ही रूट पर कई टोल होने से बोझ बढ़ गया है, टोल देने के बाद भी खराब सड़कों पर चलना पड़ता है। रामनगर निवासी अरविंद सती ने कहा कि कांवड़ मेले में भी किराया बढ़ा दिया जाता है, साल में 3-4 बार किराया बढ़ना गलत है, सरकारी बसों को टोल से छूट मिलनी चाहिए।

अब कितना देना होगा किराया

नए टोल के बाद बढ़ा हुआ किराया इस प्रकार है –

 

काशीपुर – 290 से बढ़कर 295 रुपये

रामनगर – 330 से बढ़कर 335 रुपये

रुद्रपुर – 380 से बढ़कर 385 रुपये

हल्द्वानी – 430 से बढ़कर 435 रुपये

टनकपुर – 555 से बढ़कर 560 रुपये

रुपहेडिया – 815 से बढ़कर 820 रुपये

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *