देहरादून। दशहरे पर रावण दहन के दौरान सुरक्षा को लेकर देहरादून अग्निशमन विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। जिले में 21 प्रमुख रावण दहन स्थलों पर फायर ब्रिगेड की टीमें तैनात रहेंगी। कार्यक्रम शुरू होने से लेकर भीड़ के हटने तक सभी टीमें मौके पर अलर्ट मोड में रहेंगी।
विभाग ने हर संवेदनशील स्थल पर फायर टेंडर और फायर बाइक के साथ जवानों को तैनात किया है, ताकि आग लगने की किसी भी घटना पर तुरंत काबू पाया जा सके।
तहसीलवार कहां रहेगी फायर ब्रिगेड
1. देहरादून सदर: 7 स्थान – बन्नू स्कूल, परेड ग्राउंड, क्लेमेंट टाउन, प्रेमनगर, पटेलनगर समेत अन्य जगहों पर 5 बड़े और 2 छोटे फायर टेंडर, साथ में 2 फायर बाइक
2. डोईवाला: केशवपुर बस्ती में एक फायर टेंडर और बाजार में एक फायर बाइक
3. विकासनगर: सेलाकुई दशहरा ग्राउंड और भाऊवाला में 2 टीमें
4. हरबर्टपुर-कालसी: बैराज ग्राउंड, तिकोना ग्राउंड, बीडीएम समेत 4 स्थान
5. ऋषिकेश: त्रिवेणी घाट, आईडीपीएल ग्राउंड, नटराज चौक पर 3 टीमें
6. मसूरी: 3 स्थानों पर टीम तैनात
हर टीम के पास पूरे उपकरण
सभी टीमों को फायर टेंडर, होज पाइप, DCP, CO2 एक्सटिंग्विशर, फायर बीटर, सीढ़ी, रस्सी और प्राथमिक उपचार किट दी गई है। पानी के पर्याप्त भंडार और सभी उपकरणों की पहले ही टेस्टिंग कर ली गई है।
लोगों से अपील
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अभिनव त्यागी ने कहा –
– रावण दहन के समय पुतले से उचित दूरी बनाए रखें
– बच्चों को अकेला न छोड़ें
– पटाखे बंद जगह पर न चलाएं
– मेले में सिंथेटिक और ढीले कपड़े पहनने से बचें
– आयोजक दहन स्थल पर रेत और पानी की बाल्टियां रखें और बैरिकेडिंग जरूर करें
– आग लगने पर तुरंत 101 या 112 पर सूचना दें