परेड ग्राउंड में दशहरे की तैयारी तेज, शोभायात्रा के रूट में बदलाव; इन रास्तों से गुजरेगी यात्रा

देहरादून। असत्य पर सत्य की विजय और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देने को लेकर हर साल दशहरा पर्व मनाया जाता है। देश भर के तमाम हिस्सों में दशहरा पर्व पर रावण का पुतला दहन कर अच्छाई की जीत का संदेश देने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के ऐतिहासिक परेड ग्राउंड में अब तक का सबसे बड़ा 181 फीट लंबे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इसके लिए बन्नू बिरादरी की ओर से परेड ग्राउंड में रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ का पुतला तैयार कर खड़ा कर दिया गया है। 20 अक्टूबर को बड़े धूमधाम से रावण दहन होगा।

 

देहरादून के ऐतिहासिक परेड ग्राउंड में पिछली बार 121 फीट ऊंचा रावण और कुंभकर्ण व मेघनाथ का 70 एवं 75 फीट ऊंचा पुतला लगाया गया था। इस साल 181 फीट ऊंचा रावण और कुंभकर्ण व मेघनाथ का 70-70 फीट ऊंचा पुतला लगाया गया है। साथ ही लंका का भव्य रूप भी तैयार किया जा रहा है। इस आयोजन के लिए बन्नू बिरादरी की दशहरा कमेटी की ओर से करीब 21 लाख रुपए खर्च किए गए हैं। पिछले साल करीब 16 लाख रुपए खर्च किए गए थे। पिछले सालों के अनुभव को देखते हुए परेड ग्राउंड में जनता और शोभा यात्रा की एंट्री के रूट को बदल दिया गया है।

 

शोभा यात्रा के रूट में बदलाव

दशहरा कमेटी के प्रधान संतोख नागपाल ने कहा कि इस साल दशहरा पर्व में सबसे खास बात ये है कि रावण का पुतला सबसे अधिक 181 फीट का बनाया गया है। 70 फीट ऊंचा कुंभकर्ण और मेघनाथ का पुतला तैयार किया गया है। इस बार लंका का भव्य रूप तैयार किया गया है। शोभा यात्रा कालिका मंदिर में पूजा अर्चना के बाद प्रस्थान करेगी। पलटन बाजार, मोती बाजार और चकराता रोड होते हुए परेड ग्राउंड पहुंचेगी।

 

सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम

दशहरा कार्यक्रम के दौरान हर साल परेड ग्राउंड में हजारों की संख्या में लोग पहुंचते हैं, जिसके चलते व्यवस्थाओं को मुकम्मल करना एक बड़ी चुनौती हो जाता है। अत्यधिक भीड़ को देखते हुए शोभा यात्रा के परेड ग्राउंड में आने की एंट्री को बदल दिया गया है। इस बार शोभा यात्रा की परेड ग्राउंड में एंट्री दून क्लब के सामने के बजाय तिब्बती मार्केट के गेट से होगी। इसके अलावा ग्राउंड के हर गेट पर पुलिस प्रशासन की टीम के साथ ही दशहरा कमेटी की ओर से भी बाउंसर की तैनाती की जाएगी।

 

रिमोट से होगा रावण दहन, इको फ्रेंडली पटाखे

रावण दहन के दौरान बड़ी मात्रा में आतिशबाजी होती है। दशहरा कमेटी ने बताया कि आतिशबाजी के दौरान इको फ्रेंडली पटाखों का भी इस्तेमाल किया जाएगा। इस साल टेक्नोलॉजी का भी इस्तेमाल किया जा रहा है, जिसके तहत रिमोट के जरिए रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। रावण के पुतले में 8 बम ऐसे लगाए गए हैं जो रिमोट से ब्लास्ट होंगे। ऐसे में रिमोट का बटन दबाकर मुख्यमंत्री, मंत्री, मेयर और विधायक रावण में लगे बम को ब्लास्ट करेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *