कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और पति गिरधारी लाल साहू के बीच विवाद गहराया, पति ने ऑडियो को बताया AI से तैयार

देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच विवाद गहराता जा रहा है। रेखा आर्य की ओर से गंभीर आरोप लगाए जाने और ऑडियो रिकॉर्डिंग को लेकर अब गिरधारी लाल साहू ने अपना पक्ष रखा है। साथ ही उन्होंने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य पर पलटवार भी किया है।

 

गिरधारी लाल साहू ने कहा कि संबंधित ऑडियो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से तैयार किया गया है। उन्होंने खुद पर लग रहे आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से पूरे मामले की जांच कराने की अपील की है। साथ ही रेखा आर्य पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए उनकी संपत्ति की जांच की मांग भी की है।

 

गिरधारी लाल साहू ने अपने बयान में कहा कि जिस ऑडियो को सामने लाया गया है वह कथित तौर पर AI की मदद से तैयार किया गया है। इसके जरिए उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने रेखा आर्य से अपने आरोप वापस लेने और अपने बयान पर पुनर्विचार करने की अपील की है। साहू ने कहा उनके खिलाफ लगाए गए आरोप निराधार हैं। उन्हें इस मामले में अपनी बात रखने का अवसर मिलना चाहिए।

 

साहू ने रेखा आर्य के राजनीतिक सफर और उनके साथ अपने पुराने संबंधों का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने रेखा आर्य को राजनीतिक रूप से आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, चुनाव के दौरान उनके लिए लोगों से समर्थन मांगा। साहू ने कहा उन्होंने वर्षों तक उनके राजनीतिक जीवन में सहयोग किया, अब उन्हीं की ओर से उन पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं।

 

भ्रष्टाचार के आरोप, जांच की मांग

गिरधारी लाल साहू ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी अपील की है। उन्होंने कहा इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने पहले भी रेखा आर्य से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामलों की शिकायत मुख्यमंत्री से की थी और संबंधित मामलों में कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने कहा किसी भी जांच एजेंसी से जांच कराई जा सकती है ताकि आरोपों की वास्तविकता सामने आ सके।

 

210 करोड़ रुपये की संपत्ति का दावा

गिरधारी लाल साहू ने रेखा आर्य की कथित संपत्ति को लेकर भी गंभीर दावा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि रेखा आर्य के पास लगभग 210 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति है। गिरधारी लाल साहू ने अपने बयान में महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े कामकाज की बात करते हुए कहा उन्होंने हमेशा भ्रष्टाचार का विरोध किया। उन्होंने बच्चों को दिए जाने वाले पोषण आहार और राशन से जुड़े मामलों का जिक्र किया और इन मामलों की जांच कराने की मांग की।

 

रेखा आर्य की शिकायत के बाद बढ़ा विवाद

बता दें उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने 15 अक्टूबर 2026 को अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ देहरादून के कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने मारपीट, उत्पीड़न, जालसाजी और जान से मारने की साजिश जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। रेखा आर्य ने एक ऑडियो रिकॉर्डिंग का भी हवाला दिया था, जिसके बाद अब गिरधारी लाल साहू ने वीडियो जारी कर उन पर पलटवार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *