लक्सर में महाराजा भागीरथ की पेंटिंग हटाने पर हंगामा, विधायक उमेश कुमार ने जताई नाराजगी

लक्सर: हरिद्वार जिले के लक्सर बस स्टैंड पर महाराजा भागीरथ की पेंटिंग हटाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। मामले की जानकारी मिलने पर खानपुर विधायक उमेश कुमार मौके पर पहुंचे और पेंटिंग हटाने के तरीके पर नाराजगी जताई। उन्होंने ठेकेदार और मौके पर मौजूद कर्मचारियों से सवाल किए तथा संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी दी। विवाद के बाद मौके पर निर्माण कार्य रोक दिया गया।

 

जानकारी के अनुसार, करीब दो साल पहले खानपुर विधायक उमेश कुमार शर्मा ने अपने निजी खर्च से महाराजा भागीरथ की फ्रेम पेंटिंग बनवाई थी। सैनी समाज की मांग पर बस स्टैंड पर विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ विधायक की पत्नी सोनिया शर्मा ने इसका अनावरण किया था। तब से यह पेंटिंग बस स्टैंड पर लगी हुई थी।

 

15 अक्टूबर को पेंटिंग हटाए जाने की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। इसके बाद विधायक उमेश कुमार को मामले की सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे विधायक ने पेंटिंग को एक कोने में रखा देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि महाराजा भागीरथ लोगों की आस्था से जुड़े हैं और पेंटिंग हटाने से पहले समाज के लोगों को जानकारी देने के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जानी चाहिए थी।

 

विधायक ने अधिकारियों से फोन पर बात कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने धार्मिक भावनाएं आहत करने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में मुकदमा दर्ज कराने की बात कही। उनके हस्तक्षेप के बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया।

 

सैनी समाज के जिलाध्यक्ष ने बताई यह वजह

 

वहीं, सैनी समाज के जिलाध्यक्ष बाबूराम सैनी ने पेंटिंग हटाने को लेकर अलग पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि पेंटिंग खंडित हो गई थी और इस संबंध में समाज के लोगों के साथ काफी समय से बातचीत चल रही थी। समाज के लोगों ने चंदा एकत्र कर आपसी सहमति से पेंटिंग हटाकर वहां महाराजा भागीरथ की प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया था।

 

बाबूराम सैनी के अनुसार, खंडित पेंटिंग हटाकर प्रतिमा स्थापित कर दी गई है। बाद में विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा।

 

फिलहाल, पेंटिंग हटाने को लेकर विधायक की नाराजगी और सैनी समाज के जिलाध्यक्ष के बयान के बाद मामला चर्चा में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *