अंकिता भंडारी हत्याकांड: उत्तराखंड पुलिस ने बताया कैसे 88 दिन में पूरी हुई जांच, तीनों दोषियों को उम्रकैद

देहरादून: कथित वीआईपी की राज्यपाल पद पर नियुक्ति के बाद अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर सुर्खियों में है। दिल्ली में हुए घटनाक्रम के बीच उत्तराखंड पुलिस ने मामले की जांच और न्यायिक कार्यवाही को लेकर जानकारी साझा की है। अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) वी. मुरुगेशन ने देहरादून स्थित पुलिस मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर बताया कि पुलिस ने घटना सामने आने के 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं, विशेष जांच दल (एसआईटी) ने 88 दिनों में जांच पूरी कर न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया था।

 

एडीजी वी. मुरुगेशन के अनुसार, वर्ष 2022 में ऋषिकेश के निकट वनंतरा रिजॉर्ट में कार्यरत अंकिता भंडारी के साथ हुई घटना की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। पुलिस टीमों के आपसी समन्वय से घटना सामने आने के 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था।

 

मुख्यमंत्री के निर्देश पर गठित हुई थी एसआईटी

 

मुरुगेशन ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। जांच की जिम्मेदारी डीआईजी स्तर की महिला आईपीएस अधिकारी को सौंपी गई, ताकि मामले की गहनता से जांच की जा सके।

 

एसआईटी ने जांच के दौरान डिजिटल, तकनीकी, फॉरेंसिक और भौतिक साक्ष्य जुटाए। इसके अलावा आरोपियों से पूछताछ की गई और फॉरेंसिक रिपोर्ट, गवाहों के बयान सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। पुलिस के मुताबिक, एसआईटी ने 88 दिनों में जांच पूरी कर लगभग 500 पृष्ठों का विस्तृत आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया।

 

तीनों दोषियों को सुनाई गई आजीवन कारावास की सजा

 

एडीजी ने बताया कि उत्तराखंड शासन की ओर से मामले की त्वरित सुनवाई और प्रभावी पैरवी के लिए आवश्यक प्रयास किए गए। अभियोजन पक्ष की पैरवी और एसआईटी द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर 30 मई 2025 को कोटद्वार स्थित अपर जिला एवं सत्र न्यायालय ने पुलकित आर्य, सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता को दोषी करार दिया।

 

न्यायालय ने तीनों दोषियों को आजीवन कठोर कारावास की सजा सुनाई। पुलिस के अनुसार, तीनों वर्तमान में जेल में बंद हैं और सजा काट रहे हैं।

 

कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर हाल में फिर उठे सवालों के बीच पुलिस ने प्रेस वार्ता में अब तक की जांच और न्यायिक कार्यवाही का विवरण साझा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *