हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में पत्नी से अनबन के चलते एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में गैस प्लांट के पास की है। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस, एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीम ने उसे सुरक्षित नीचे उतारने के लिए प्रयास शुरू किए।
पुलिस से बातचीत में युवक ने अपना नाम विशाल राम बताया। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बनारस का रहने वाला है। जानकारी के अनुसार, विशाल गुजरात में अपनी पत्नी के साथ रह रहा था। आपसी विवाद के बाद उसकी पत्नी उसे छोड़कर उत्तर प्रदेश के बड़ौत चली गई थी। पत्नी के बड़ौत में होने की जानकारी मिलने पर विशाल वहां पहुंचा और मोबाइल टावर पर चढ़कर उससे बात करने की जिद करने लगा। इसके बाद पुलिस ने उसकी पत्नी से बात कराई, जिसके बाद वह टावर से नीचे उतर गया।
पुलिस के अनुसार, विशाल अपनी पत्नी को अपने साथ ले जाना चाहता था, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं हुई। बाद में उसकी पत्नी बड़ौत से भी कहीं चली गई। इसी बीच विशाल को जानकारी मिली कि उसकी पत्नी हरिद्वार के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में रह रही है। इसके बाद वह हरिद्वार पहुंचा और गैस प्लांट के पास मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। युवक अपनी पत्नी को घटनास्थल पर बुलाने की मांग पर अड़ा रहा। हरिद्वार पुलिस ने उसकी पत्नी का मोबाइल नंबर पता कर संपर्क किया तो जानकारी मिली कि वह उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में है। पुलिस ने पत्नी से बातचीत करने का प्रयास भी किया, लेकिन युवक उसे मौके पर बुलाने की जिद करता रहा।
रानीपुर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर मनोहर भंडारी ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए पुलिस, एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं। पुलिस लगातार युवक को समझाकर नीचे उतारने का प्रयास कर रही है।
