खटीमा। उत्तराखंड के खटीमा में जमीन के नीचे 100 किलो सोना दबा होने का लालच देकर थारू जनजाति के एक व्यक्ति की बेशकीमती जमीन हड़पने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तांत्रिक क्रियाओं और पूजा-पाठ के नाम पर पीड़ित से रकम खर्च कराई गई। इसके बाद उसे बंधक बनाने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर जमीन की रजिस्ट्री करा ली गई। मामले में पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, जिनमें से चार को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक आरोपी फरार है, जबकि एक तांत्रिक की मौत हो चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, भूड़ महोलिया निवासी रणदीप सिंह पुत्र उमेश कुमार ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनके पिता की हाईवे से लगी करीब डेढ़ से दो बीघा जमीन थी। आरोपियों ने जमीन और घर में 100 किलो सोना दबा होने का झांसा दिया। इसके बाद तांत्रिक क्रियाओं और पूजा-पाठ के नाम पर उनसे रुपये खर्च कराए गए। शिकायत में विभिन्न दस्तावेजों पर कथित तौर पर जबरन हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान लेने का भी आरोप लगाया गया है।
बंधक बनाने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी का आरोप
शिकायत के अनुसार, उमेश कुमार को कार में बंधक बनाया गया और एक महिला के माध्यम से दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दबाव और भय के चलते उन्हें जमीन का एग्रीमेंट करने के लिए मजबूर किया गया। इसके बाद दस्तावेजों में 86 लाख रुपये नकद दिए जाने का उल्लेख करते हुए दो अलग-अलग व्यक्तियों के नाम जमीन की रजिस्ट्री करा ली गई और जमीन पर कब्जा कर लिया गया।
खटीमा के पुलिस क्षेत्राधिकारी नीरज सेमवाल के अनुसार, उमेश कुमार ने हाल ही में अपनी कुछ जमीन बेची थी, जिसके बदले उन्हें धनराशि मिली थी। इसके अलावा उनके पास हाईवे से सटी जमीन भी थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने धनराशि और जमीन हड़पने के लिए कथित तौर पर षड्यंत्र रचा और सोना दबा होने का लालच देकर तंत्र-मंत्र के नाम पर रकम ठगी।
चार आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 127(2), 308(6), 318(4), 319(2) और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मण सिंह भाटिया निवासी भूड़ महोलिया, विवेक कुमार निवासी भानुसी, नंद किशोर निवासी बंडिया और शिव सिंह राणा निवासी मोहम्मदपुर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, शिव सिंह राणा तांत्रिक है।
पुलिस ने बताया कि कश्मीर सिंह निवासी जंगल जोगी ढेर फरार है, जबकि तांत्रिक मुकेश कुमार की मौत हो चुकी है। सीओ नीरज सेमवाल ने बताया कि मामले में दीपक सिंह और पपेंद्र के नाम पर भी जमीन की रजिस्ट्री किए जाने की जानकारी सामने आई है। इनकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों और मामले से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है।
