हरिद्वार में धामी कैबिनेट की पहली बैठक, 13 प्रस्तावों पर लगी मुहर; अग्निवीरों की भर्ती और बाल वीरता पुरस्कार योजना को मंजूरी

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सोमवार को हरिद्वार के मेला नियंत्रण सभागार में मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई। हरिद्वार में हुई कैबिनेट की पहली बैठक में विकास और जनहित से जुड़े 13 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में कुंभ मेला 2027 की तैयारियों, आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण, स्वास्थ्य, आवास, प्रशासनिक सुधार और युवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर निर्णय लिए गए।

 

बैठक के बाद सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि मंत्रिमंडल के समक्ष 13 प्रस्ताव रखे गए थे, जिन्हें मंजूरी प्रदान की गई। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हरिद्वार में कैबिनेट बैठक आयोजित करने का उद्देश्य जनता से जुड़े फैसले जनता के बीच जाकर लेना है। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल की सामूहिक सोच है कि शासन और प्रशासन को जनता के बीच पहुंचकर काम करना चाहिए।

 

सेवामुक्त अग्निवीरों और युवाओं के लिए अहम फैसले

 

कैबिनेट ने सेवामुक्त अग्निवीरों के लिए समूह ‘ग’ के वर्दीधारी पदों पर भर्ती से संबंधित नई नियमावली को मंजूरी दी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार योजना को भी स्वीकृति प्रदान की गई। मंत्रिमंडल ने द्वितीय उत्तराखंड जन विश्वास संशोधन विधेयक, 2026 और उत्तराखंड अग्निशमन एवं आपात सेवा विधेयक, 2026 को विधानसभा में प्रस्तुत करने की मंजूरी दी।

 

इसके अलावा उत्तराखंड निवेश और आधारिक संरचना विकास से संबंधित अधिनियम की अनुसूची में संशोधन तथा उत्तराखंड बाढ़ मैदान परिक्षेत्रण नियमावली, 2026 को भी मंजूरी दी गई।

 

हरिद्वार में प्राच्य शोध संस्थान की स्थापना

 

कैबिनेट ने हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान के विकास के लिए सोसायटी के गठन को सैद्धांतिक अनुमोदन दिया। इस संस्थान के माध्यम से भारतीय योग, ध्यान, भारतीय ज्योतिष और अन्य आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके साथ ही हरिद्वार में किफायती आवासीय परियोजना के पहुंच मार्ग की चौड़ाई में शिथिलता देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।

 

मंत्रिमंडल ने स्वजल एवं राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन के 215 पदों की निरंतरता को स्वीकृति दी। वहीं, उधम सिंह नगर में भू-उपयोग परिवर्तन से संबंधित शासनादेश में खसरा संख्या की त्रुटि सुधारने के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की गई। संस्कृति विभाग में वित्तीय अधिकारों से संबंधित व्यवस्था में संशोधन को भी स्वीकृति दी गई।

 

विधानसभा के तृतीय सत्र को मंजूरी

 

कैबिनेट ने उत्तराखंड की पंचम विधानसभा के वर्ष 2026 के तृतीय सत्र को आहूत करने की मंजूरी दी। बैठक में राज्य के विकास, प्रशासनिक सुधारों और जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विषयों पर भी निर्णय लिए गए।

 

मंत्रिमंडल ने उत्तराखंड के समग्र विकास में केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार का आभार व्यक्त किया। साथ ही राज्य की पर्वतीय, सीमावर्ती और सामरिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी विकास संबंधी प्राथमिकताओं के अनुरूप केंद्र से सहयोग की अपेक्षा जताई।

 

पीएम मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन पर गंगा आरती

 

कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मंत्रिमंडल के सदस्यों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना और आरती की। इस दौरान प्रधानमंत्री के स्वस्थ, सुखमय और दीर्घायु जीवन की कामना की गई। मुख्यमंत्री ने मां गंगा से देश की निरंतर प्रगति, समृद्धि और जनकल्याण की प्रार्थना भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *