देहरादून: उत्तराखंड एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और राजपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छह कथित ड्रग्स पैडलरों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से कुल 44.61 ग्राम MDMA बरामद हुई है। पुलिस ने इसकी कीमत लाखों रुपये बताई है। गिरफ्तार आरोपी देहरादून के अलग-अलग कॉलेजों और अन्य राज्यों में तकनीकी शिक्षा से जुड़े कोर्स कर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, नशे की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 22 सितंबर की रात राजपुर थाना पुलिस और ANTF की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। ओल्ड मसूरी रोड स्थित शहंशाई रिजॉर्ट के पास एक कार में सवार चार युवकों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 27.12 ग्राम MDMA बरामद हुई।
इसके बाद पुलिस टीम ने सहस्त्रधारा हेलीपैड के पास से दो अन्य युवकों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 17.49 ग्राम MDMA बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना राजपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29/60 के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
दिल्ली के सिद्धू गैंग से कनेक्शन का दावा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे देहरादून के अलग-अलग इलाकों में रहते हैं और देहरादून समेत दूसरे राज्यों के शिक्षण संस्थानों से तकनीकी कोर्स कर रहे हैं। पुलिस का दावा है कि सभी आरोपी दिल्ली निवासी सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू के लिए काम करते थे।
पुलिस के मुताबिक, सिद्धू या उसके एजेंट देहरादून आकर आरोपियों को MDMA उपलब्ध कराते थे। कुछ मौकों पर आरोपी खुद दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश जाकर भी ड्रग्स लेकर देहरादून आते थे।
कॉलेज छात्रों को बेचने का आरोप
पुलिस का कहना है कि आरोपी MDMA को खासतौर पर कॉलेज छात्रों को ऊंचे दामों पर बेचते थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी उच्च शिक्षा हासिल कर रहे थे और अच्छे परिवारों से बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, महंगे शौक पूरे करने के लिए वे कथित तौर पर नशा तस्करी में शामिल हुए।
छह आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 21 वर्षीय वेदांत चौहान, रचित शर्मा, श्रीकांत, चिराग रस्तोगी, अभिषेक थापा और वैभव ममगांई के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी रायपुर थाना क्षेत्र और आसपास के इलाकों के रहने वाले बताए गए हैं।
एसपी सिटी देहरादून शेखर सुयाल के अनुसार, पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर ड्रग्स सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।