हरिद्वार: शहर कोतवाली क्षेत्र के मायापुर में शुक्रवार देर रात एक युवक को निशाना बनाने पहुंचे हमलावरों द्वारा फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। इस दौरान युवक के साथ रह रही युवती के बाजू में गोली लग गई। गंभीर हालत में युवती को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार घायल युवती राजीव नगर की रहने वाली है और हरिद्वार के खन्नानगर स्थित एक जिम में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती है। वह मायापुर की वाल्मीकि बस्ती में अंश नाम के युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। पुलिस के मुताबिक अंश के खिलाफ पहले से मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
बताया गया कि शुक्रवार रात कुछ युवक अंश को निशाना बनाने के इरादे से उसके घर पहुंचे थे। आरोप है कि हमलावरों ने अंश पर गोली चलाई। इसी दौरान युवती बीच में आ गई और गोली उसके बाजू में जा लगी। गोली लगने के बाद युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण उसे एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि झगड़े के दौरान गोली चलने से युवती घायल हुई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और जल्द उसकी गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस घटना के कारणों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।