देहरादून: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। शुक्रवार से देहरादून समेत सात जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के अन्य जिलों में भी आकाशीय बिजली चमकने के साथ तेज बारिश की संभावना जताई है।
मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक, राज्य के सभी जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, प्रदेश के सभी जिलों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने के साथ बारिश के तेज से अति तेज दौर की संभावना भी जताई गई है।
इधर, देहरादून में तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक दर्ज किया गया। दून में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिक तापमान के चलते दिनभर उमस से लोग बेहाल रहे।
मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री और न्यूनतम 15.3 डिग्री सेल्सियस रहा। यहां 0.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। नई टिहरी में अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री और न्यूनतम 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पिथौरागढ़ में 14.6 मिलीमीटर, खटीमा में चार मिलीमीटर और मसूरी में 0.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार से बारिश और गरज के साथ बौछारों का दौर बढ़ सकता है। भारी बारिश की संभावना वाले जिलों में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।