टिहरी में 32 दिन से लापता रेशमा बिष्ट का नहीं मिला सुराग, सड़क पर उतरे परिजन-ग्रामीण

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

टिहरी: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले के प्रतापनगर क्षेत्र से रहस्यमयी तरीके से लापता हुई रेशमा बिष्ट का 32 दिन बाद भी कोई पता नहीं चल पाया है। रेशमा की तलाश में पुलिस लगातार सर्च अभियान चला रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। एक महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी रेशमा का पता नहीं चलने से परिजनों और ग्रामीणों का सब्र जवाब देने लगा है। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच काफी देर तक गहमा-गहमी की स्थिति बनी रही।

 

जानकारी के मुताबिक प्रतापनगर क्षेत्र के जांगी गांव निवासी रेशमा बिष्ट 6 अगस्त को अचानक लापता हो गई थीं। काफी तलाश के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने 7 अगस्त को थाना लंबगांव में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने भी अपने स्तर से रेशमा की तलाश शुरू कर दी। आसपास के क्षेत्रों, जंगलों और संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन की गई, लेकिन रेशमा का कोई सुराग नहीं मिला।

 

मामले को गंभीरता से लेते हुए टिहरी पुलिस ने भी रेशमा की तलाश में व्यापक सर्च अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने जंगलों के साथ ही टिहरी झील और जाखणी नदी क्षेत्र में भी खोजबीन की। संभावित स्थानों पर तलाश के अलावा ड्रोन की मदद से भी सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अब तक रेशमा का पता नहीं चल पाया है।

 

32 दिन बीतने के बाद भी रेशमा का सुराग नहीं मिलने से परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से तलाश किए जाने के बावजूद रेशमा का पता नहीं चलना चिंता का विषय है। इसी को लेकर परिजन और ग्रामीण सड़क पर उतर आए और जाम लगाकर प्रदर्शन किया।

 

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने रेशमा की जल्द तलाश किए जाने और सर्च अभियान को और तेज करने की मांग की। सड़क जाम के चलते कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक और गहमा-गहमी भी हुई। पुलिस ने लोगों को आश्वस्त किया कि रेशमा की तलाश में हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

 

परिजनों का कहना है कि 32 दिन से रेशमा का कोई पता नहीं है और परिवार लगातार चिंता में है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि सर्च अभियान को और व्यापक किया जाए और रेशमा को जल्द से जल्द खोजा जाए।

 

दरअसल, प्रतापनगर क्षेत्र की रहने वाली रेशमा की शादी करीब चार साल पहले जांगी गांव निवासी नवीन बिष्ट से हुई थी। शादी के बाद रेशमा का एक बेटा भी हुआ, जिसकी उम्र करीब चार साल है। रेशमा के पति नवीन विदेश में नौकरी करते हैं। परिजनों के मुताबिक नवीन करीब 28 महीने बाद कुछ समय पहले ही छुट्टी पर घर लौटे थे। उनके घर लौटने के करीब चार दिन बाद ही 6 अगस्त को रेशमा रहस्यमयी तरीके से लापता हो गईं। तब से लेकर अब तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है।

 

वहीं, रेशमा के मायके पक्ष की ओर से उनकी ससुराल को लेकर कुछ गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। इन आरोपों के बीच पुलिस की तलाश जारी है। पुलिस संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन कर रही है और मामले से जुड़े हर पहलू को ध्यान में रखते हुए सर्च अभियान आगे बढ़ाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *