चंपावत में सड़क खुलने का इंतजार कर रही कार पर गिरा भारी बोल्डर, एक युवक की मौत; चार घायल

MDDA Advertisement

चंपावत: उत्तराखंड के चंपावत जिले में सोमवार 7 सितंबर को बड़ा हादसा हो गया। बाराकोट-घाट-पनार मोटर मार्ग पर मसान देवता मंदिर के पास सड़क खुलने का इंतजार कर रही एक अल्टो कार पर पहाड़ी से अचानक भारी बोल्डर आ गिरा। बोल्डर की चपेट में आने से कार क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांच लोग घायल हो गए। इनमें एक युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया, जबकि एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे चंपावत रेफर किया गया है।

 

पुलिस के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 12 बजे गंगोलीहाट के टिम्टा गांव से अल्टो कार संख्या UK 05 TA 2878 पिथौरागढ़ की ओर जा रही थी। बाराकोट ब्लॉक के घाट-पनार मोटर मार्ग पर मसान देवता मंदिर के पास सड़क बंद होने के कारण चालक ने कार रोक दी थी। इसी दौरान पहाड़ी से अचानक एक भारी बोल्डर कार के ऊपर आ गिरा।

 

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के साथ पुलिस, राजस्व, फायर, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। टीमों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल संदीप कुमार और सुनील कुमार को 108 एंबुलेंस की मदद से लोहाघाट उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि संदीप कुमार ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।

 

मृतक की पहचान संदीप कुमार पुत्र भवानी राम, उम्र 35 वर्ष, निवासी टिम्टा, गंगोलीहाट, पिथौरागढ़ के रूप में हुई है।

 

हादसे में घायल लोगों में सौरभ कुमार पुत्र नरेंद्र कुमार, उम्र 24 वर्ष, निवासी टिम्टा, गंगोलीहाट, पिथौरागढ़, सुनील कुमार पुत्र आनंद राम, उम्र 23 वर्ष, सुभाष चंद्र पुत्र शिवराम, उम्र 44 वर्ष और सुजल कुमार पुत्र कृष्ण राम, उम्र 17 वर्ष शामिल हैं। सौरभ कुमार कार चालक था।

 

लोहाघाट उप जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी ने बताया कि घायल संदीप कुमार ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। सुनील कुमार के सिर पर गंभीर चोट होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे चंपावत रेफर किया गया है। वहीं, सौरभ कुमार, सुभाष चंद्र और सुजल कुमार को उपचार के लिए पिथौरागढ़ अस्पताल भेजा गया है।

 

घटना की जानकारी मिलते ही चंपावत डीएम मनीष कुमार के निर्देश पर एसडीएम नीतू डांगर भी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। घायलों को खाई से बाहर निकालने में स्थानीय निवासी मदन सिंह सामंत, शमशेर सिंह, मोहन सिंह, महेंद्र सिंह और पंकज तिवारी ने भी महत्वपूर्ण सहयोग किया।

 

हादसे में संदीप कुमार की मौत के बाद उनके परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *