हरिद्वार: भारी बारिश के बीच हरिद्वार में अलग-अलग घटनाओं से जनजीवन प्रभावित रहा। रात में ज्वालापुर रेलवे स्टेशन के बाहर एक विशालकाय पेड़ अचानक गिर गया। गनीमत रही कि घटना के वक्त मौके पर यात्रियों और लोगों की भीड़ नहीं थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पेड़ गिरने से बिजली की तारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं, जिसके कारण कुछ समय तक आसपास अंधेरा छाया रहा।
पेड़ गिरने की सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों ने पेड़ को काटकर छोटे-छोटे टुकड़ों में अलग किया और उसे रास्ते से हटाने का काम शुरू किया। पेड़ गिरने के कारण कुछ समय के लिए आसपास की आवाजाही प्रभावित रही। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
वहीं रविवार शाम सीतापुर रेलवे फाटक पर भी हादसा हो गया। एक अज्ञात वाहन ने रेलवे फाटक में टक्कर मार दी, जिससे फाटक क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने लगी और फाटक के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त फाटक की मरम्मत कर यातायात सुचारु कराया।
भारी बारिश का असर कुशा घाट के पास स्थित बिजलीघर के कार्यालय पर भी पड़ा। बारिश के दौरान बिजलीघर की छत से पानी टपकने लगा और कार्यालय के अंदर पानी भरने से कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसको लेकर कर्मचारियों में आक्रोश भी देखने को मिला।
कर्मचारियों का आरोप है कि कार्यालय भवन की छत कई वर्षों से जर्जर हालत में है और हर बारिश के दौरान पानी टपकने लगता है। इससे कार्यालय में काम करना मुश्किल हो जाता है। कर्मचारियों ने विभागीय अधिकारियों से जर्जर छत की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।