हरिद्वार में डाक कांवड़ का दबाव बढ़ा, मानक से बड़े डीजे वाहनों पर पुलिस की सख्ती

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

हरिद्वार: कांवड़ यात्रा अंतिम चरण में पहुंचते ही हरिद्वार में डाक कांवड़ वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। बढ़ती भीड़ के बीच पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। निर्धारित मानकों से अधिक ऊंचाई और चौड़ाई वाले डीजे व कांवड़ वाहनों को जनपद में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। ऐसे वाहनों को नारसन बॉर्डर से वापस भेजा जा रहा है और डीजे की ऊंचाई कम कराने के बाद ही दोबारा प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।

 

प्रशासन के अनुसार, कांवड़ मेले से पहले ही स्पष्ट कर दिया गया था कि 10 फीट से अधिक चौड़ाई और 12 फीट से अधिक ऊंचाई वाले डीजे व कांवड़ वाहन हरिद्वार में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। अधिक ऊंचाई वाले वाहनों के बिजली की लाइनों, फ्लाईओवर और टोल प्लाजा पर फंसने का खतरा रहता है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है।

 

अब तक पैदल कांवड़ियों की संख्या अधिक थी, लेकिन यात्रा के अंतिम चरण में डाक कांवड़ का दबाव बढ़ने लगा है। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान समेत कई राज्यों से बड़ी संख्या में डाक कांवड़ वाहन हरिद्वार पहुंच रहे हैं। ऐसे में अगले चार दिन पुलिस और प्रशासन के लिए सबसे चुनौतीपूर्ण माने जा रहे हैं।

 

एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि डाक कांवड़ वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। निर्धारित मानकों के अनुरूप वाहनों को ही प्रवेश दिया जा रहा है। उन्होंने कांवड़ियों से अपील की कि प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें और तय मानकों के अनुसार ही डीजे व कांवड़ लेकर हरिद्वार आएं।

 

बढ़ती भीड़ को देखते हुए शहर और सीमा क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पार्किंग, रूट डायवर्जन और यातायात प्रबंधन की विशेष योजना लागू की गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और यात्रा सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *