रुद्रपुर/काशीपुर: उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा आईटीआई थाना क्षेत्र में उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार टैंकर ने तीन स्कूली छात्रों को टक्कर मार दी। घटना के बाद पुलिस ने टैंकर और चालक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
मृतक की पहचान 15 वर्षीय शिवम कुमार के रूप में हुई है, जो राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बरखेड़ी में कक्षा 10 का छात्र था। शिवम अपने परिवार में पांच भाई-बहनों में चौथे नंबर पर था। उसके पिता मनोज सिंह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, हादसे में घायल वासु और अक्षय आपस में चचेरे-तहेरे भाई हैं। वासु उदय राजेंद्र इंटर कॉलेज, काशीपुर का छात्र है और उसने उस दिन स्कूल से अवकाश लिया था। वह अपने दोनों साथियों को स्कूल छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रहे टैंकर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वासु और अक्षय गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही आईटीआई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त टैंकर और उसके चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
काशीपुर के क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रशांत कुमार ने बताया कि पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सावधानी बरतने की अपील की है।