रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भी साफ दिखाई दे रहा है। बुधवार देर रात रुद्रप्रयाग जिले के तिलवाड़ा क्षेत्र में स्मार्ट शौचालय के पास अचानक एक गदेरा उफान पर आ गया, जिससे भारी मात्रा में पानी, बोल्डर और मलबा केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर आ गया। देखते ही देखते हाईवे मलबे से पट गया और कई वाहन उसकी चपेट में आ गए।
घटना के समय मार्ग से गुजर रहे यात्रियों और वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने किसी तरह सुरक्षित स्थानों की ओर भागकर अपनी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गदेरे का जलस्तर अचानक बढ़ा और कुछ ही मिनटों में मलबे का विशाल ढेर सड़क पर जमा हो गया, जिससे केदारनाथ हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए मलबा हटाने और प्रभावित वाहनों को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि भारी बारिश के कारण तिलवाड़ा क्षेत्र में गदेरा उफान पर आने से राजमार्ग पर मलबा जमा हो गया है। मार्ग को जल्द सुचारू करने और नुकसान का आकलन करने के लिए विभागीय टीमें मौके पर तैनात हैं।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। स्थानीय लोगों ने संवेदनशील गदेरों के स्थायी उपचार, सुरक्षात्मक कार्यों में तेजी और आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।
इस बीच मौसम विभाग ने गुरुवार, 6 अगस्त को भी राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम को देखते हुए बागेश्वर, चमोली, पौड़ी और देहरादून जिलों में कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।