देहरादून-बागेश्वर में आज भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, स्कूल बंद; सीएम धामी ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने बुधवार को देहरादून और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन दोनों जिलों में बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर देखने को मिल सकते हैं। खराब मौसम को देखते हुए दोनों जिलों में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

 

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार देहरादून और बागेश्वर के अलावा टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और ऊधम सिंह नगर जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने लोगों को भूस्खलन, फ्लैश फ्लड और आकाशीय बिजली की घटनाओं को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।

 

10 अगस्त तक जारी रहेगा बारिश का दौर

 

मौसम विभाग का अनुमान है कि 10 अगस्त तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, नदी-नालों के उफान और सड़क बाधित होने की आशंका को देखते हुए लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।

 

देहरादून और बागेश्वर में स्कूलों की छुट्टी

 

भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने देहरादून और बागेश्वर में सभी सरकारी, गैर-सरकारी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में बुधवार को अवकाश घोषित किया है। प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों को आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

 

सीएम धामी ने की विशेष अपील

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में भारी बारिश की स्थिति को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और सभी जिला प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किए जाएं।

 

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों, पर्यटकों और चारधाम यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें। अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें तथा नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। उन्होंने प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी अपील की।

 

प्रशासन ने लोगों से मौसम संबंधी अपडेट पर लगातार नजर बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *