मसूरी: मसूरी-कीमाड़ी मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हाथीपांव से करीब तीन किलोमीटर आगे झरने के पास बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। घटना के बाद एक बार फिर इस मार्ग की बदहाल स्थिति और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
अस्पताल पहुंचने से पहले नहीं बच सकी जान
पुलिस के अनुसार, सिटी कंट्रोल 112 के माध्यम से दुर्घटना की सूचना मिलते ही मसूरी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल युवक को 108 एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल मसूरी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान अनूप बंगवाल (32) पुत्र धर्मानंद बंगवाल, निवासी कृष्णा विहार, थानो रोड, रायपुर (देहरादून) के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हादसों का हॉटस्पॉट बनता जा रहा कीमाड़ी मार्ग
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाथीपांव से कीमाड़ी तक का मार्ग लंबे समय से जर्जर स्थिति में है। बरसात के दौरान कई स्थानों पर झरनों का पानी सीधे सड़क पर बहता है, जिससे सड़क बेहद फिसलन भरी हो जाती है। जगह-जगह गड्ढे, टूटी सड़क और कमजोर किनारे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा रहे हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
पर्यटन सीजन में बढ़ जाता है खतरा
प्राकृतिक झरनों और खूबसूरत वादियों के कारण मसूरी-कीमाड़ी मार्ग पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है। पर्यटन सीजन के दौरान बड़ी संख्या में बाइक और कार सवार इस मार्ग से गुजरते हैं। ऐसे में खराब सड़क, फिसलन और सुरक्षा इंतजामों की कमी दुर्घटनाओं की आशंका को और बढ़ा देती है।
मसूरी कोतवाल देवेंद्र चौहान ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सड़क सुधार की उठी मांग
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से कीमाड़ी मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने फिसलन वाले स्थानों पर चेतावनी बोर्ड, क्रैश बैरियर और प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में ऐसे हादसे दोबारा हो सकते हैं।