कांग्रेस ने मनाया जश्न, हरक सिंह रावत बोले – धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा छात्रों की जीत, अब धन सिंह रावत दें इस्तीफा

देहरादून : केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद उत्तराखंड कांग्रेस में इसे छात्रों की जीत के तौर पर देखा जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने कहा कि NEET पेपर लीक मामले में युवाओं के संघर्ष के आगे सरकार को झुकना पड़ा।

 

हरक सिंह रावत ने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ एक परीक्षा की नहीं थी। यह नौजवानों के भविष्य की लड़ाई थी। जंतर-मंतर से लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों में छात्रों ने आंदोलन किया। आज देहरादून में भी कांग्रेस ने उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी में हुए पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की थी।

 

“जीत राहुल गांधी और छात्रों की”

हरक सिंह रावत ने कहा कि इस आंदोलन को सबसे ज्यादा मजबूती लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दी। उन्होंने संसद के अंदर और बाहर छात्रों की आवाज उठाई। दूसरी तरफ छात्र भी लगातार सड़कों पर डटे रहे और इस्तीफे की मांग करते रहे।

उन्होंने कहा आज जो नतीजा आया है वह देश के युवाओं और राहुल गांधी की बड़ी जीत है।

 

उत्तराखंड में भी मांगा इस्तीफा

हरक सिंह रावत ने केंद्र सरकार के फैसले के बाद राज्य सरकार को भी घेरा। उन्होंने कहा कि जब केंद्र में शिक्षा मंत्री का इस्तीफा हो गया तो उत्तराखंड में भी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत को नैतिक जिम्मेदारी लेनी चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि राज्य में तकनीकी शिक्षा के दो पेपर लीक हो चुके हैं। इसी मुद्दे को लेकर आज प्रदेश कांग्रेस ने प्रदर्शन किया और धन सिंह रावत के इस्तीफे की मांग उठाई। कांग्रेस का कहना है कि यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक राज्य के शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते।

 

“टूटा सरकार का अहम”

हरक सिंह रावत ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा इस बात का सबूत है कि सरकार का अहम टूट गया है। छात्रों की एकजुटता और उनके दबाव के कारण सरकार को यह कदम उठाना पड़ा। अब उसी तर्ज पर उत्तराखंड सरकार को भी फैसला लेना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *