देहरादून में 5.47 लाख मतदाताओं को घर-घर दिए जाएंगे नोटिस, विशेष पुनरीक्षण अभियान तेज

देहरादून: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) के तहत देहरादून जिले में 5.47 लाख मतदाताओं को घर-घर जाकर व्यक्तिगत नोटिस जारी किए जाएंगे। यह नोटिस उन मतदाताओं को दिए जा रहे हैं, जिनका विवरण वर्ष 2003 और 2026 की मतदाता सूची से मेल नहीं खाता या जिनकी जानकारी अपूर्ण पाई गई है।

 

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मंगलवार को अजबपुरकलां क्षेत्र में पहुंचकर नोटिस वितरण अभियान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय निवासी अरविंद नेगी के घर जाकर बीएलओ (BLO) द्वारा अपनाई जा रही प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने देखा कि किस प्रकार मतदाताओं को नाम और अन्य विवरण में अंतर की जानकारी दी जा रही है तथा आवश्यक दस्तावेज मांगे जा रहे हैं।

 

मतदाताओं को मिलेगा त्रुटि सुधार का अवसर

 

जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाताओं को अपनी जानकारी सही कराने का अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिए कि बीएलओ के लिए सरल भाषा में चेकलिस्ट और प्रक्रिया संबंधी दिशा-निर्देश तैयार कर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि कार्य बिना किसी भ्रम और त्रुटि के पूरा किया जा सके।

 

11.90 लाख से अधिक मतदाताओं का सत्यापन पूरा

 

प्रशासन के अनुसार, 14 जुलाई को जारी प्रारूप मतदाता सूची के आधार पर जिले में अब तक 11,90,805 मतदाताओं की जानकारी का सत्यापन किया जा चुका है। शेष मतदाताओं के सत्यापन और आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया तेजी से जारी है।

 

घर-घर जाकर नोटिस, ऐप पर होगी मॉनिटरिंग

 

डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि बीएलओ घर-घर जाकर संबंधित मतदाताओं को नोटिस देंगे और नोटिस वितरण की फोटो निर्वाचन आयोग के मोबाइल ऐप पर अपलोड करेंगे। इससे पूरी प्रक्रिया की निगरानी सुनिश्चित होगी और अभियान में पारदर्शिता बनी रहेगी।

 

जिलाधिकारी ने सभी निर्वाचन अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी सावधानी और पारदर्शिता के साथ अभियान पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सेक्टर अधिकारी डॉ. महेश कुमार, एईआरओ अपर्णा बहुगुणा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र देवली सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *