केदारनाथ में 14 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, अगस्त में खुल सकता है मोटर ब्रिज-टनल प्रोजेक्ट

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा प्रशासन की निगरानी में सुचारु रूप से जारी है। लगातार बारिश और कोहरे के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था कम नहीं हुई है। अब तक 14,14,590 से अधिक श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। धाम में मौसम प्रतिकूल होने के बावजूद श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

 

केदारनाथ धाम में लगातार बारिश और घने कोहरे के चलते ठंड का असर बढ़ गया है। इसके बावजूद यात्रा व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा रही हैं और श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से दर्शन कर रहे हैं।

 

वहीं, बदरीनाथ धाम में भी सुबह से कोहरा और हल्की बारिश का दौर जारी है। खराब मौसम के कारण यहां श्रद्धालुओं की संख्या में कुछ कमी देखी गई है, हालांकि दर्शन व्यवस्था सामान्य बनी हुई है और श्रद्धालु आसानी से भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर रहे हैं।

 

इधर, चारधाम यात्रा को और अधिक सुगम बनाने के लिए रुद्रप्रयाग में निर्माणाधीन मोटर ब्रिज और टनल परियोजना अंतिम चरण में पहुंच गई है। बदरीनाथ और केदारनाथ हाईवे को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट का करीब 99 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य तेजी से किया जा रहा है।

 

राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग लगभग 900.30 मीटर और 200 मीटर लंबे मोटर ब्रिज का निर्माण कर रहा है। इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार ने 156 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। विभाग के अनुसार, जल्द ही पुल की लोड टेस्टिंग कराई जाएगी और सब कुछ तय योजना के अनुसार रहा तो अगस्त माह में इसे वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा।

 

परियोजना शुरू होने के बाद चारधाम यात्रा के दौरान रुद्रप्रयाग मुख्य बाजार में लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। इससे तीर्थयात्रियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी सुरक्षित और बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।

 

रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि टनल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि पुल का कार्य अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि अगस्त के अंत तक पुल की ट्रायल टेस्टिंग शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। टनल और पुल के पूरी तरह जुड़ने के बाद क्षेत्र की कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा और यात्रा अधिक सुगम बन जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *