देहरादून: उत्तराखंड में मॉनसून ने एक बार फिर रौद्र रूप दिखाया है। राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के कई जिलों में आधी रात से जारी मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। भारी बारिश से जहां प्रेमनगर क्षेत्र में नवनिर्मित पुल का एक हिस्सा धंस गया, वहीं भूस्खलन के चलते मसूरी जाने वाला मुख्य मार्ग बंद हो गया है। बिगड़ते मौसम और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने देहरादून जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।

देहरादून में बारिश से भारी नुकसान
लगातार हो रही बारिश के चलते प्रेमनगर के नंदा की चौकी क्षेत्र में हाल ही में बने पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर धंस गया। इसके कारण इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है। स्थानीय लोगों को लंबा जाम और आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नवनिर्मित पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठने लगे हैं।
भूस्खलन से मसूरी मार्ग बाधित
तेज बारिश के कारण भूस्खलन और सड़क पर मलबा आने से देहरादून-मसूरी मुख्य मार्ग बंद हो गया है। मालदेवता क्षेत्र में भी बारिश से नुकसान की खबरें हैं, जबकि कई नदी-नाले उफान पर हैं। प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं मार्ग बहाली के कार्य में जुटी हुई हैं।
नौ जिलों में ऑरेंज अलर्ट, फ्लैश फ्लड की चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए प्रदेश में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मंगलवार के लिए उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधम सिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और अत्यधिक तीव्र वर्षा के दौर पड़ने की चेतावनी दी गई है।
प्रदेश के अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई क्षेत्रों में अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) की आशंका भी व्यक्त की है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे न जाने और मौसम संबंधी आधिकारिक सलाह का पालन करने की अपील की है।