रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। फाटा–बड़ासू मोटर मार्ग पर तरसाली के समीप एक डंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार रात करीब 8:43 बजे सूचना मिली कि वाहन संख्या UK13CA0826 तरसाली के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने सभी संबंधित एजेंसियों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया।
संयुक्त रेस्क्यू अभियान के दौरान डंपर में दो लोग सवार पाए गए। बचाव दल ने कठिन परिस्थितियों के बीच संजय राणा (45 वर्ष) का शव खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। वहीं दूसरे व्यक्ति मोहन का शव भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीमों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। सभी एजेंसियों के समन्वित प्रयास से रेस्क्यू कार्य पूरा किया गया।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है।