विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस, दो दिवसीय दौरे पर देहरादून आएंगी कुमारी शैलजा

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की कवायद में जुट गई है। इसी क्रम में उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी Kumari Selja 17 और 18 जून को दो दिवसीय देहरादून दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वह पार्टी के जिला और महानगर अध्यक्षों, विभिन्न प्रकोष्ठों तथा वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी रणनीति पर मंथन करेंगी।

उत्तराखंड कांग्रेस के मीडिया प्रभारी Rajiv Maharshi के अनुसार, कुमारी शैलजा 17 जून को सुबह 9 बजे दिल्ली से देहरादून के लिए रवाना होंगी और लगभग 9:50 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगी। इसके बाद वह सीधे देहरादून पहुंचकर पार्टी कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी।

कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 11 बजे वह जिला और महानगर कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगी। इस बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों और पार्टी की जमीनी मजबूती को लेकर चर्चा की जाएगी।

दोपहर करीब 2 बजे कांग्रेस प्रदेश प्रभारी अनुषांगिक संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति पर विचार-विमर्श करेंगी। वहीं शाम 4 बजे वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ वन-टू-वन बैठक कर आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर फीडबैक लेंगी और आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगी।

कुमारी शैलजा देहरादून में रात्रि विश्राम करेंगी। इसके बाद 18 जून को भी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर बैठकें प्रस्तावित हैं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह दोपहर करीब 3 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगी।

गौरतलब है कि हाल ही में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता Rahul Gandhi भी उत्तराखंड दौरे पर आए थे। हालांकि खराब मौसम के कारण वह अल्मोड़ा नहीं पहुंच सके थे। बाद में उनके विमान की पंतनगर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी, जिसके बाद उन्होंने फोन के माध्यम से जनसभा को संबोधित किया था।

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी के इस दौरे को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *