देहरादून। कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र के अंतर्गत शिमला रोड स्थित बुड्ढी गांव में देर रात एक अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता सोहेल देर रात अपने घर पर मौजूद थे, जबकि उनका भाई दूसरे कमरे में खाना खा रहा था। इसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब उनका भाई बाहर पहुंचा तो सोहेल लहूलुहान हालत में फर्श पर पड़े मिले। घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की।
हत्या की घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव को शिमला बाईपास रोड पर रखकर जाम लगा दिया। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
घटना की जानकारी मिलने पर एसएसपी देहरादून Pramendra Dobhal भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली।
एसपी सिटी Pramod Kumar ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अज्ञात हमलावरों ने अधिवक्ता सोहेल को गोली मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए विभिन्न टीमों का गठन किया गया है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
पुलिस ने यह भी कहा है कि सड़क जाम करने वाले प्रदर्शनकारियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए जांच जारी है।