देहरादून: देहरादून में विदेश में रह रही महिला को कागजों में मृत घोषित कर उसकी करोड़ों की जमीन हड़पने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली डालनवाला पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को उत्तर प्रदेश के मेरठ से गिरफ्तार किया है। मामले में शामिल तीन अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार, राजपुर रोड आर्य नगर निवासी रक्षा सिन्हा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अमित मैगी और उसके साथियों ने उनका फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कर उनकी भूमि से जुड़े दस्तावेजों में हेरफेर की। आरोपियों ने महिला को मृत दिखाकर जमीन का बैनामा अपने नाम कराने की साजिश रची और धोखाधड़ी को अंजाम दिया।
इस मामले में 23 नवंबर 2018 को कोतवाली डालनवाला में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने पहले राजीव देओल, कुलदीप सिंह और विनय बिश्नोई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी थी।
सीओ डालनवाला नितिन लोहनी ने बताया कि मामले में आरोपी रविन्द्र कुमार लंबे समय से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद मेरठ में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है और यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले ने एक बार फिर संपत्ति से जुड़े फर्जीवाड़े और जालसाजी के संगठित नेटवर्क पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि लोगों की संपत्तियों को अवैध तरीके से हड़पने की कोशिशों पर रोक लगाई जा सके।