एसएससी परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह का एक और सदस्य गिरफ्तार, सेंटर सील

देहरादून: 13 फरवरी को आयोजित एसएससी परीक्षा में नकल कराने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एसटीएफ ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इससे पहले इस मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। गिरफ्तार आरोपी ने परीक्षा केंद्र में सर्वर रूम, परीक्षा लैब और अंडरग्राउंड चैंबर तैयार कर पूरा नेटवर्क सेटअप किया था।

नेहरू ग्राम से मुख्य आरोपी गिरफ्तार

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह के निर्देशन में गठित दो टीमों ने इनपुट विकसित कर मुख्य आरोपी ईश्वरी प्रसाद उर्फ इंद्रजीत शर्मा, निवासी दिल्ली, को नेहरू ग्राम स्थित सेंट जोन्स एकेडमी से गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से दो इंटरनेट राउटर बरामद किए गए, जिन्हें वह लैब में इंस्टॉल करने की तैयारी में था।

18 मई की एसएससी परीक्षा से पहले सेंटर सील

18 मई को आयोजित होने वाली Staff Selection Commission (SSC) की कांस्टेबल जीडी ऑनलाइन परीक्षा में नेहरू ग्राम स्थित सेंट जोन्स एकेडमी को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया था। केंद्र की सुचिता भंग होने की आशंका को देखते हुए एसटीएफ ने इसे सील कर दिया है और इसकी सूचना क्षेत्रीय निदेशक एसएससी, दिल्ली को भेज दी गई है।

ऐसे रचा गया था नकल का जाल

14 फरवरी को कोतवाली नगर में दर्ज मुकदमे को बाद में एसटीएफ को ट्रांसफर किया गया था। जांच में सामने आया कि 13 फरवरी को महादेवी कन्या पाठशाला, देहरादून में आयोजित मल्टीटास्किंग (नॉन टेक्निकल) स्टाफ और हवलदार ऑनलाइन परीक्षा के दौरान आरोपियों ने:

परीक्षा लैब में विशेष नेटवर्किंग सेटअप

सर्वर रूम से अलग इंटरनेट केबल कनेक्शन

यूपीएस रूम के नीचे अंडरग्राउंड चैंबर

रिमोट एक्सेस के जरिए साल्वरों को जोड़ने की व्यवस्था

तैयार की थी।

भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद

गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से:

1 लैपटॉप

4 मोबाइल फोन

14 ब्लूटूथ/रिसीवर डिवाइस

20 बैटरियां

2 इंटरनेट राउटर

फर्जी आईडी कार्ड

बरामद किए गए हैं।

दिल्ली में सीखी नेटवर्किंग, यहीं रचा षड्यंत्र

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने दिल्ली में इलेक्ट्रिकल और नेटवर्किंग का काम सीखा और स्कूलों/कॉलेजों में ठेके पर नेटवर्क सेटअप करता था। कोरोना काल में उसकी मुलाकात योगेश उर्फ योगी उर्फ जैक से हुई। इसके बाद नितिश कुमार (पहले से गिरफ्तार) और शुभम भटनागर के साथ मिलकर देहरादून स्थित महादेव डिजिटल जोन की लैब का पूरा सेटअप तैयार किया गया।

पहले भी दर्ज हो चुका है मुकदमा

नवंबर 2025 में आयोजित एसएससी टियर-1 मल्टीटास्किंग और क्लेरिकल स्टाफ परीक्षा में नकल के मामले में भी कोतवाली देहरादून में मुकदमा दर्ज हुआ था। इस केस में दीपक निवासी रोहतक (हरियाणा) को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह के अनुसार, अब तक की जांच में नेहरू ग्राम स्थित सेंट जोन्स एकेडमी सहित कुछ अन्य स्थानों के सर्वर के कम्प्रोमाइज होने की जानकारी सामने आई है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *