उत्तराखंड में बढ़ी गर्मी की तपिश, देहरादून में 39.2°C; मैदानी जिलों के लिए येलो अलर्ट, 12वीं तक स्कूल बंद

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

उत्तराखंड मौसम। देश के अन्य हिस्सों की तरह उत्तराखंड में भी गर्मी तेजी से बढ़ने लगी है। प्रदेशभर में तीखी धूप और गर्म हवाओं से लोग परेशान हैं। मैदानी इलाकों के साथ रविवार को पहाड़ों में भी तपिश महसूस की गई। मौसम विभाग ने मैदानी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। देहरादून में कक्षा 12वीं तक के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। अप्रैल माह में यह दूसरा सर्वाधिक तापमान है। इससे पहले वर्ष 2009 में 40.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।

रुड़की और हरिद्वार में लगातार दूसरे दिन पारा 41 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा दिखा और बाजारों में भीड़ कम रही। पंतनगर में 39.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

पहाड़ी क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच गया। मुक्तेश्वर में तापमान 28.5 डिग्री (सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक), टिहरी में 28.5 डिग्री (दो डिग्री अधिक) और पिथौरागढ़ में 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कुमाऊं मंडल में भी गर्मी का असर देखने को मिला। रुद्रपुर में लगातार दूसरे दिन तापमान 40 डिग्री के पार रहा। नैनीताल में 30.5 डिग्री सेल्सियस के साथ रविवार इस वर्ष का सबसे गर्म दिन रहा। पंतनगर में 39.8 और रुद्रपुर में 40.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। पिथौरागढ़ और बागेश्वर में शनिवार को हुई बारिश से कुछ राहत मिली थी, लेकिन रविवार को फिर गर्मी बढ़ गई।

देहरादून में हीटवेव अलर्ट के चलते डीएम सविन बंसल ने कक्षा 12वीं तक स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। स्कूलों और अस्पतालों को बचाव के उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक सीएस तोमर के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश तथा 4400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक रहने की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *