चारधाम यात्रा: भ्रामक जानकारी फैलाने पर सख्त कार्रवाई, साइबर निगरानी और टोकन सिस्टम लागू

चारधाम यात्रा अपडेट। चारधाम यात्रा को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ अब कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पर्यटन विभाग ने विस्तृत आधिकारिक गाइडलाइन जारी कर स्पष्ट किया है कि यात्रा से जुड़े फर्जी संदेश, वीडियो पोस्ट करने या साझा करने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

गाइडलाइन के अनुसार, गलत सूचनाएं श्रद्धालुओं को भ्रमित करने के साथ-साथ सार्वजनिक व्यवस्था और जनभावनाओं को भी प्रभावित करती हैं। ऐसे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित हर संदेश और वीडियो पर विभाग की पैनी नजर रहेगी।

साइबर अपराध पर तत्काल कार्रवाई

यात्रा के दौरान साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी। खासतौर पर फर्जी वेबसाइटों के माध्यम से हेली टिकट बुकिंग में धोखाधड़ी के मामलों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

शिकायत के लिए:

राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर: 1930

देहरादून साइबर अपराध पुलिस स्टेशन: 0135-2655900

ईमेल: ccps.deh@uttarakhandpolice.uk.gov.in

स्वास्थ्य जांच और तैयारी के निर्देश

पर्यटन विभाग ने श्रद्धालुओं से यात्रा से पहले समुचित तैयारी करने की अपील की है। कम से कम सात दिन का यात्रा प्लान बनाने की सलाह दी गई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अत्यधिक ठंड, कम ऑक्सीजन और कम वायुदाब के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं, इसलिए पूर्व स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य बताया गया है।

प्रतिदिन 5–10 मिनट श्वसन व्यायाम करें

20–30 मिनट पैदल चलने का अभ्यास करें

55 वर्ष से अधिक आयु के यात्री विशेष सावधानी बरतें

सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल ने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गाइडलाइन जारी की गई है। सभी के सहयोग से ही यात्रा का सुचारु संचालन संभव है।

सचेत’ एप से मिलेंगे रियल टाइम अलर्ट

प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का मोबाइल एप ‘सचेत’ उपयोगी रहेगा। यह एप भौगोलिक स्थिति के आधार पर रियल टाइम अलर्ट प्रदान करेगा, जिससे यात्रियों को समय रहते आवश्यक सूचना मिल सके।

टोकन सिस्टम से होंगे दर्शन

चारों धामों में दर्शन के लिए टोकन व्यवस्था लागू की गई है। पंजीकरण दस्तावेजों के सत्यापन के बाद कुछ ही सेकंड में टोकन जारी कर दिया जाएगा।

टोकन इन स्थानों से प्राप्त किए जा सकेंगे: जानकीचट्टी, यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ, बदरीनाथ, आईएसबीटी, बीआरओ सर्कल और माणा पार्किंग।

भौतिक सत्यापन केंद्र:

यमुनोत्री के लिए बड़कोट

गंगोत्री के लिए हिना

केदारनाथ के लिए सोनप्रयाग

बदरीनाथ के लिए पांडुकेश्वर

हेमकुंड साहिब के लिए गोविंदघाट

क्यूआर कोड युक्त आईडी

ऑफलाइन पंजीकरण कराने वाले श्रद्धालुओं को यूनिक क्यूआर कोड युक्त आईडी टिकट जारी किए जा रहे हैं। इन टिकटों को आधार प्रमाणीकरण, बायोमेट्रिक और फेस आईडी से जोड़ा गया है, जिससे यात्रा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *