उत्तराखंड में नई बिजली दरों का आज होगा ऐलान, 1 अप्रैल से लागू होंगी नई दरें

उत्तराखंड। उत्तराखंड में आगामी वित्तीय वर्ष के लिए बिजली की नई दरों की घोषणा मंगलवार को की जाएगी। उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग नई टैरिफ दरें जारी करेगा, जो 1 अप्रैल से पूरे प्रदेश में लागू हो जाएंगी।

इस वर्ष प्रदेश की तीनों ऊर्जा निगमों — यूपीसीएल, यूजेवीएनएल और पिटकुल — ने मिलकर नियामक आयोग से बिजली दरों में 18.50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा है।

चार स्थानों पर हुई जनसुनवाई

ऊर्जा निगमों के प्रस्ताव पर नियामक आयोग ने विभिन्न जिलों में जनसुनवाई आयोजित की थी।

18 फरवरी को कर्णप्रयाग

20 फरवरी को मुनस्यारी

23 फरवरी को रुद्रपुर

27 फरवरी को देहरादून

इन जनसुनवाई कार्यक्रमों में उपभोक्ताओं, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संगठनों ने अपने सुझाव और आपत्तियां दर्ज कराईं।

चुनावी वर्ष में फैसला अहम

सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद आयोग ने नई दरों पर निर्णय लिया है। चूंकि यह चुनावी वर्ष है, ऐसे में बिजली दरों को लेकर लिया गया फैसला राजनीतिक और जनहित दोनों दृष्टि से अहम माना जा रहा है।

आयोग के सचिव नीरज सती ने बताया कि मंगलवार को नई दरों की औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी। नई दरें 1 अप्रैल से प्रदेशभर की सभी उपभोक्ता श्रेणियों पर लागू होंगी।

अब उपभोक्ताओं की नजर इस बात पर टिकी है कि आयोग प्रस्तावित 18.50 प्रतिशत वृद्धि को मंजूरी देता है या इसमें कोई राहत प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *